मप्र में इंटर्न डॉक्टरों का स्टाइपेंड 50% बढ़ा, तीन दिन बाद आंदोलन खत्म, सरकार के फैसले के बाद काम पर लौटे डॉक्टर

 




लाठीचार्ज-वाटर कैनन मामले में दो पुलिसकर्मी लाइन अटैच, जांच के लिए टीम गठित

भोपाल, 09 सितंबर (हि.स.)। स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर तीन दिन से राजधानी भाेपाल में आंदोलन कर रहे मध्य प्रदेश के इंटर्न डॉक्टरों को सरकार ने बड़ी राहत दी है। उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने बुधवार को इंटर्न डॉक्टरों के मासिक स्टाइपेंड में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी की घोषणा की। इसके बाद स्टाइपेंड 14,337 से बढ़कर 21,500 रुपये प्रतिमाह हो जाएगा। सरकार के फैसले के बाद इंटर्न डॉक्टरों ने आंदोलन समाप्त करने और काम पर लौटने का ऐलान किया।

इधर, आंदोलन के दौरान छात्रों पर लाठीचार्ज और वाटर कैनन के इस्तेमाल के मामले में दो पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच किया गया है। घटना की जांच के लिए टीम गठित की गई है। स्वास्थ्य मंत्री ने घायल छात्रों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।

प्रतिनिधिमंडल से बैठक के बाद बनी सहमति

उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने बुधवार काे इंटर्न डॉक्टरों के प्रतिनिधि मंडल से मुलाकात करने के बाद पत्रकार वार्ता काे संबाेधित करते हुए बताया कि इंटर्न डॉक्टरों, जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन (जूडा) और मेडिकल टीचर्स एसोसिएशन (एमटीए) के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। चर्चा के बाद स्टाइपेंड बढ़ाने पर सहमति बनी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विदेश में रहते हुए भी पूरे मामले पर लगातार संपर्क में थे और उनकी सहमति के बाद स्टाइपेंड बढ़ाने का निर्णय लिया गया। उपमुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि डॉक्टर देश की बड़ी ताकत हैं और सरकार उनके हितों को ध्यान में रखकर निर्णय ले रही है। उन्होंने डॉक्टरों से आंदोलन समाप्त कर अपने काम पर लौटने की अपील की। एबीवीपी प्रतिनिधि आयुष परासर ने बताया कि सरकार ने इंटर्न डॉक्टरों का स्टाइपेंड बढ़ाकर 21,500 रुपये कर दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार के साथ सकारात्मक माहौल में बातचीत हुई और छात्रों की मांग को मान लिया गया है। स्टाइपेंड बढ़ाने के फैसले से हम संतुष्ट हैं। सरकार ने छात्रों की मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाया है, इसलिए अब आंदोलन को लेकर आगे का फैसला किया जाएगा।

बल प्रयोग की घटना पर जांच

आंदोलन के दौरान भोपाल में प्रदर्शन कर रहे इंटर्न डॉक्टरों पर वाटर कैनन और लाठीचार्ज किए जाने के बाद विवाद बढ़ गया था। स्वास्थ्य मंत्री ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि मामले की जांच के लिए टीम गठित की गई है। प्रारंभिक कार्रवाई के तौर पर दो पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच किया गया है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कमला पार्क पर तीन दिन चला प्रदर्शन

गाैरतलब है कि स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर इंटर्न डॉक्टरों ने भोपाल के कमला पार्क क्षेत्र में पिछले तीन दिनाें से प्रदर्शन कर रहे थे। बड़ी संख्या में डॉक्टर सड़क पर बैठ गए थे, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और कुछ समय के लिए मार्ग पर वन-वे व्यवस्था करनी पड़ी। डॉक्टरों की मांग थी कि उनका स्टाइपेंड बढ़ाकर अन्य राज्यों के अनुरूप किया जाए। आंदोलन के दौरान प्रदेश के कई सरकारी अस्पतालों में ओपीडी और इलेक्टिव ओटी सेवाएं प्रभावित हुईं।

हमीदिया में मरीजों को हुई परेशानी

आंदोलन का सबसे ज्यादा असर भोपाल के हमीदिया अस्पताल में देखने को मिला। बुधवार को ओपीडी सेवाएं प्रभावित रहीं और मरीजों को इलाज के लिए परेशानी उठानी पड़ी। सीनियर डॉक्टरों ने मरीजों को देखने की व्यवस्था संभाली। अस्पताल में सामान्य दिनों की तुलना में ऑपरेशन की संख्या भी काफी कम रही। बताया गया कि सामान्य दिनों में करीब 40 से अधिक सिलेक्टिव ऑपरेशन होते हैं, जबकि बुधवार को केवल दो इमरजेंसी ऑपरेशन हुए। ओपीडी में भी सामान्य दिनों के मुकाबले मरीजों की संख्या कम रही। इमरजेंसी और आईसीयू जैसी आवश्यक सेवाएं जारी रखी गईं। आंदोलन के दौरान इलाज के लिए हमीदिया पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानी हुई। दूर-दराज के जिलों से आए कई मरीजों को बिना इलाज लौटना पड़ा या निजी अस्पताल का रुख करना पड़ा। हालांकि आवश्यक और आपातकालीन सेवाएं चालू रखी गई थीं।

सरकार की घोषणा के बाद डॉक्टरों में खुशी

स्टाइपेंड बढ़ाने की घोषणा के बाद कमला पार्क क्षेत्र में प्रदर्शन कर रहे इंटर्न डॉक्टरों ने नारेबाजी कर फैसले का स्वागत किया। डॉक्टरों ने सरकार और स्वास्थ्य मंत्री का आभार जताया। प्रतिनिधिमंडल ने भी बातचीत को सकारात्मक बताते हुए संतोष व्यक्त किया। सरकार से सहमति बनने के बाद डॉक्टरों ने तीन दिन से चल रहे आंदोलन को समाप्त करने की घोषणा की। इसके साथ ही कमला पार्क के पास चल रहा प्रदर्शन भी खत्म हो गया और इंटर्न डॉक्टरों के काम पर लौटने का रास्ता साफ हो गया।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे