इंदौर संभाग में अवैध कटाई और अतिक्रमण पर कसेगा शिकंजा, विशेष कार्ययोजना बनाकर कार्रवाई के निर्देश

 


- संभागायुक्त लाक्षाकार की अध्यक्षता में वर्चुअली रूप से सम्पन्न हुई संभागीय टास्क फोर्स समिति की बैठक

इंदौर, 23 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार ने कहा कि संभाग के सभी जिलों में अवैध कटाई, अतिक्रमण एवं अन्य गतिविधियों की रोकथाम के लिए विशेष कार्ययोजना बनाकर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। इस दिशा में सभी विभाग समन्वित प्रयास करें। संभाग के जिलों में चिन्हित वनग्रामों को राजस्व ग्रामों में परिवर्तित करने की प्रक्रिया में भी तेजी लाई जाए।

संभागायुक्त ने यह निर्देश बुधवार को वर्चुअली रूप से सम्पन्न हुई संभागीय टास्क फोर्स समिति की बैठक में दिए। बैठक में संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर्स, पुलिस महानिरीक्षक अनुराग, मुख्य वन संरक्षक प्रदीप मिश्रा, खंडवा मुख्य वन संरक्षक वासु कनौजिया, वनमंडलाधिकारी लाल सुधाकर सिंह, प्रभारी उपायुक्त राजस्व शैली कनास, जनजातीय कार्य विभाग के उपायुक्त गणेश भाभर एवं अन्य संबंधित उपस्थित हुए।

बैठक में संभागायुक्त लाक्षाकार ने निर्देश दिए कि वन अधिकार पट्टों की कार्रवाई नियमानुसार पारदर्शी रूप से करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वन अधिकार अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्रत्येक लंबित प्रकरण का परीक्षण कर समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि वन क्षेत्रों में अवैध कटाई, अतिक्रमण तथा अन्य अवैध गतिविधियों के रोकथाम को गंभीरता से लिया जाए। इस संबंध में प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला स्तर पर विशेष कार्ययोजना बनाकर उसके अनुरूप निरन्तर कार्रवाई की जाए। वन क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों और अतिक्रमण की रोकथाम के लिए वन विभाग के साथ ही पुलिस और राजस्व सहित सभी संबंधित विभाग समन्वय से कार्य करें। संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर नियमित निगरानी की जाए। गठित गश्ती दल नियमित रूप से भ्रमण करें और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि दुर्गम क्षेत्रों में निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करें। वन क्षेत्रों की सुरक्षा और संरक्षण के लिए सतत निगरानी के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर भी जागरूकता और सहभागिता को बढ़ावा दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर