ग्वालियरः टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन के भूमिपूजन समारोह की तैयारियों का जनप्रतिनिधियों-अधिकारियों ने लिया जायजा

 


ग्वालियर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन के भूमिपूजन समारोह में देश के गृह मंत्री अमित शाह का ग्वालियर आगमन प्रस्तावित है। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने शुक्रवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं के संबंध में चर्चा की।

इस अवसर पर क्षेत्रीय सांसद भारत सिंह कुशवाह, भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, कलेक्टर रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनीशा श्रीवास्तव, एडीएम सी बीप्रसाद सहित जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

क्षेत्रीय सांसद, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने मलगढ़ा थाने के समीप स्थित मैदान का निरीक्षण किया। भूमिपूजन के प्रस्तावित कार्यक्रम के संबंध में व्यवस्थाओं के बारे में चर्चा की। कलेक्टर रुचिका चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन आदि के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर