इंदौरः एक दिवसीय युवा संगम एवं करियर मार्गदर्शन रोजगार मेले का हुआ आयोजन
- प्रतिष्ठित कंपनियों में 459 अभ्यर्थियों का विभिन्न पदों के लिए हुआ चयन
इंदौर, 11 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में “युवा संगम” कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को जिला रोजगार कार्यालय इंदौर एवं श्री वैष्णव कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड कॉमर्स के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय युवा संगम एवं करियर मार्गदर्शन रोजगार मेले का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद शंकर लालवानी शामिल हुए। साथ ही श्री वैष्णव ट्रस्ट समूह के अध्यक्ष पुरुषोत्तमदास पसारी, महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष अरविंद गुप्ता, सचिव महेश चिमनानी, प्राचार्य डॉ. पारितोष अवस्थी एवं रोजगार मेला प्रभारी पवन गोयल एवं डॉ. राकेश उपाध्याय उपस्थित थे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर आवेदकों को करियर, रोजगार एवं स्वरोजगार के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
मेले में 54 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लेते हुए कुल 1541 रिक्त पदों के लिए चयन प्रक्रिया संचालित की। इस दौरान 1640 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन पंजीयन कराया, जिनमें से 981 अभ्यर्थियों (268 महिला एवं 713 पुरुष) ने विभिन्न कंपनियों में साक्षात्कार दिया। कार्यक्रम के अंतर्गत 459 अभ्यर्थियों का प्रारंभिक चयन विभिन्न पदों के लिए किया गया, जिसमें 123 महिला एवं 336 पुरुष अभ्यर्थी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त प्लेसमेंट के लिए 22 अभ्यर्थियों का चयन किया गया तथा अप्रेंटिसशिप हेतु 6 अभ्यर्थियों को अवसर प्रदान किया गया।
मेले में जिला उद्योग केन्द्र, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने भी सहभागिता कर युवाओं को विभिन्न योजनाओं एवं प्रशिक्षण अवसरों की जानकारी दी। रोजगार मेले ने युवाओं को रोजगार एवं करियर के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर