इंदौरः ग्रामीण पृष्ठभूमि के पहलवान आयुष झा ने जीता अंतरराष्ट्रीय गोल्ड, कलेक्टर से की मुलाकात

 


इंदौर, 25 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के ग्रामीण पृष्ठभूमि के प्रतिभावान पहलवान आयुष झा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार सफलता अर्जित करते हुए नेपाल के लुम्बिनी में आयोजित साउथ एशियन कॉम्बैट चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर जिले सहित प्रदेश एवं देश का नाम रोशन किया है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर प्रदेश में युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस प्रोत्साहन से खिलाड़ियों में नई ऊर्जा का संचार हो रहा है और वे उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। इसी क्रम में इंदौर जिले के ग्राम काली बिलौद निवासी आयुष झा को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए कलेक्टर शिवम वर्मा की पहल पर जिला प्रशासन द्वारा 30 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई थी। इस सहयोग से प्रेरित होकर आयुष ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।

उपलब्धि के बाद आयुष झा बुधवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं कलेक्टर शिवम वर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया। आयुष ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा खिलाड़ियों के लिए बनाए जा रहे अनुकूल वातावरण से उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल रही है और भविष्य में भी देश के लिए बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प मजबूत हुआ है।

इस अवसर पर कलेक्टर शिवम वर्मा ने आयुष झा को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह जिले के लिए गर्व की बात है कि ग्रामीण पृष्ठभूमि का एक युवा खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर रहा है। जिला प्रशासन हमेशा खिलाड़ियों के साथ खड़ा है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आयुष आगे भी इंदौर सहित प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे। कलेक्टर वर्मा ने कहा कि इंदौर की पहचान खेल प्रतिभाओं के लिए भी रही है और जिले के खिलाड़ी निरंतर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता अर्जित कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर