इंदौरः अपंजीकृत संस्कार क्लिनिक को किया गया सील
- होम्योपैथिक चिकित्सक द्वारा एलोपैथिक पद्धति से किया जा रहा था उपचार, गर्भपात की दवाइयां और इंजेक्शन भी मिले
इंदौर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा गुरुवार को बाणगंगा स्थित संस्कार क्लिनिक का आकस्मिक निरीक्षण कर उसे सील कर दिया गया। क्लिनिक अपंजीकृत पाया गया। निरीक्षण के दौरान क्लिनिक में गर्भपात संबंधी दवाइयां और इंजेक्शन भी पाए गए। जनस्वास्थ्य के हित में तथा मध्य प्रदेश नर्सिंग होम अधिनियम के उल्लंघन के मामले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा यह कार्रवाई की गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने बताया कि संस्कार क्लिनिक का संचालन डॉ. एकता विश्वकर्मा द्वारा किया जा रहा था। वे होम्योपैथिक चिकित्सक हैं, लेकिन उनके द्वारा एलोपैथिक चिकित्सा पद्धति से उपचार किए जाने की शिकायतें प्राप्त हुई थीं। विगत कई दिनों से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाणगंगा में कुछ महिला मरीज गंभीर स्थिति में पहुंच रही थीं। जांच के दौरान जानकारी सामने आई कि इन महिलाओं को संस्कार क्लिनिक में गर्भपात संबंधी दवाइयां एवं इंजेक्शन दिए जा रहे थे।
उन्होंने बताया कि प्राप्त लिखित शिकायतों के आधार पर गुरुवार को शहरी विकासखंड चिकित्सा अधिकारी-बाणगंगा डॉ. सुषमा बोरीबाल तथा वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. शैफाली ओझा द्वारा संस्कार क्लिनिक का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान क्लिनिक में गर्भपात संबंधी दवाइयां एवं इंजेक्शन काफी मात्रा में पाए गए। साथ ही, होम्योपैथिक चिकित्सक द्वारा एलोपैथिक पद्धति से उपचार किए जाने का मामला भी सामने आया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जनस्वास्थ्य की सुरक्षा तथा लागू प्रावधानों के पालन को ध्यान में रखकर तत्काल कार्रवाई की और संस्कार क्लिनिक को सील कर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर