इंदौरः सांची पॉइंट पर स्टीमर में विस्फोट, गर्म मावा उछलने से एक कर्मचारी की मौत; एक घायल

 


इंदौर, 11 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में मांगलिया स्थित सांची पॉइंट पर शुक्रवार को हादसा हो गया, जिसमें एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हुआ है। बताया जा रहा है कि ज्यादा गर्म होने से स्टीमर में विस्फोट हुआ था। इसमें पेड़े बनाने की कड़ाही का गर्म मावा कर्मचारियों पर उछल गया।

एसीपी पराग सैनी ने बताया कि मांगलिया इलाके में सांची दुग्ध संघ में शुक्रवार शाम पेड़े बनाने की यूनिट में हादसा हुआ। इसमें दो कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में विनोद कुमार चडार निवासी सागर की मौत हो गई, जबकि तेज सिंह पुत्र सज्जन सिंह निवासी सिंगापुर टाउनशिप गंभीर रूप से घायल हुआ है। पुलिस ने विनोद के शव को बॉम्बे अस्पताल भेजा है। वहीं, तेज सिंह का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

मंत्री सिलावट ने जताया शोक, घायल का जाना हाल

जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने मांगलिया में हुई दुर्घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए शोक व्यक्त किया है। उन्होंने बॉम्बे हॉस्पिटल पहुंचकर दुर्घटना में घायल आष्टा निवासी तेजसिंह के स्वास्थ्य की जानकारी ली। मंत्री सिलावट ने चिकित्सकों से चर्चा कर घायल को बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घायल का निःशुल्क उपचार कराया जाएगा।

मंत्री सिलावट ने बताया कि दुर्घटना में मृत सागर निवासी विनोद कुमार चढ़ार के परिजन को मुख्यमंत्री सहायता कोष से 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है।

सांची संघ के सीईओ विशाल मिश्रा ने बताया कि यह एक हादसा है, जहां भाप ज्यादा होने से कढ़ाई अचानक पलट गई। इसमें दो कर्मचारी घायल हुए थे। हालांकि, हादसे में एक कर्मचारी की मौत हो चुकी है, वहीं दूसरे का उपचार बाम्बे अस्पताल में चल रहा है। हादसे के समय अन्य कर्मचारी भी वहां मौजूद थे, लेकिन किसी को चोट नहीं आई।

सीईओ ने सांची दूध संघ में लापरवाही की बात से इनकार किया है। उनका कहना है कि हर माह मशीनों का मेंटेनेंस किया जाता है। पूर्व में किसी कर्मचारी द्वारा किसी तरह की लापरवाही या मशीन पुरानी होने की शिकायत नहीं की गई थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर