इंदौरः कलेक्टर कार्यालय में लगा हर्बल कलर, उपले और गेहूं की बाली का स्टॉल
- ग्रामीण आजीविका मिशन की दीदियों की अनूठी पहल, सुरक्षित होली का संदेश
इंदौर, 02 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में होली पर्व को सुरक्षित, स्वस्थ और पर्यावरण अनुकूल बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर कार्यालय परिसर में सोमवार को हर्बल रंग, उपले और गेहूं की बाली का विशेष स्टॉल लगाया गया।
यह स्टॉल ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी स्व-सहायता समूह की दीदियों द्वारा संचालित किया गया, जिसमें प्राकृतिक सामग्री से तैयार किए गए हर्बल गुलाल और पूजा सामग्री उपलब्ध कराई गई। इस केन्द्र को नागरिकों को बेहतर प्रतिसाद मिला।
कलेक्टर शिवम वर्मा ने स्टॉल का अवलोकन किया तथा स्वयं हर्बल रंग और उपले खरीदकर महिलाओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि हर्बल रंगों का उपयोग न केवल स्वास्थ्य के लिए सुरक्षित है, बल्कि इससे पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है। साथ ही यह ग्रामीण महिलाओं की आजीविका सुदृढ़ करने का एक प्रभावी माध्यम भी है। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्धार्थ जैन भी मौजूद थे।
ग्रामीण आजीविका मिशन की दीदियों द्वारा शहर के ग्रामीण हाट बाजार में भी ऐसे स्टॉल लगाए गये हैं, जिससे अधिक से अधिक नागरिकों तक सुरक्षित और प्राकृतिक रंगों की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके। कलेक्टर वर्मा ने नागरिकों से अपील की है कि होली का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाएं, लेकिन रासायनिक रंगों से बचते हुए हर्बल रंगों का उपयोग करें, ताकि स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों सुरक्षित रह सकें। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को अपनाकर हम ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में भी सहयोग कर सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर