इंदौरः शहर के चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में एयर पॉल्यूशन कम करने के लिए विशेष एक्शन प्लान
- एयर क्वालिटी एक्शन प्लान की मॉनिटरिंग संबंधी समीक्षा बैठक सम्पन्न
इंदौर, 23 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर की वायु गुणवत्ता में सुधार लाने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में हुई एयर क्वालिटी एक्शन प्लान की मॉनिटरिंग संबंधी समीक्षा बैठक में वायु प्रदूषण के प्रमुख कारणों की विस्तृत समीक्षा करते हुए एयर क्वालिटी सुधार हेतु प्रभावी उपायों पर चर्चा की गई तथा संबंधित विभागों को समन्वित रूप से कार्य करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में कलेक्टर शिवम वर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर की सड़कों का नियमित मेंटेनेंस किया जाए, जिससे सड़क से उड़ने वाली धूल को नियंत्रित किया जा सके और शहर की हवा स्वच्छ बनी रहे। समीक्षा में बताया गया कि रोड डस्ट वायु प्रदूषण का प्रमुख कारण है, इसलिए इसे कम करने के लिए निरंतर कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पराली जलाने की घटनाओं को रोकने एवं इसके प्रभावी समाधान के लिए आईआईटी इंदौर और कृषि विभाग संयुक्त रूप से कार्य कर रहे हैं।
बताया गया कि शहर के चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में एयर पॉल्यूशन कम करने के लिए विशेष एक्शन प्लान लागू किया जा रहा है। धूल प्रदूषण को कम करने के उद्देश्य से शहर की मुख्य सड़कों पर एंड-टू-एंड रोड पेविंग एवं ब्लैक-टॉपिंग का कार्य किया जा रहा है। सड़कों को गड्ढामुक्त बनाए रखने के लिए नियमित मेंटेनेंस भी सुनिश्चित किया जा रहा है। मुख्य सड़कों पर सुबह 6 से 7 बजे, दोपहर 3 से 4 बजे तथा देर रात 11 बजे के बाद नियमित रूप से पानी का छिड़काव किया जा रहा है। इसके साथ ही प्रमुख ट्रैफिक चौराहों पर मिस्ट टावर संचालित किए जा रहे हैं, जिससे हवा में मौजूद धूल कणों को कम करने में सहायता मिल रही है।
धूल नियंत्रण के लिए शहर में मैकेनिकल रोड स्वीपर मशीनों के माध्यम से नियमित मैकेनाइज्ड सफाई की जा रही है। वर्तमान में 23 मैकेनिकल रोड स्वीपर मशीनें प्रतिदिन दो शिफ्ट में संचालित होकर सड़कों की सफाई कर रही हैं। वायु गुणवत्ता सुधार के उद्देश्य से शहर के विभिन्न प्रमुख ट्रैफिक चौराहों पर फव्वारे लगाए गए हैं, जिनमें सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) से शुद्ध किए गए पानी का उपयोग किया जा रहा है। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ जल संसाधनों का बेहतर उपयोग भी सुनिश्चित हो रहा है।
कलेक्टर वर्मा ने कहा कि इंदौर में स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। वायु गुणवत्ता सुधार के लिए सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य करें तथा निर्धारित एक्शन प्लान के क्रियान्वयन में निरंतर मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें, ताकि नागरिकों को बेहतर पर्यावरण मिल सके। बैठक में नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर