इंदौरः रावण दहन की चिंगारी से बिल्डिंग की छत पर लगी आग, कोई जनहानि नहीं
इंदौर, 20 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के जूनी इंदौर इलाके में मंगलवार रात रावण दहन के दौरान उड़ी पटाखे की चिंगारी से एक बंद पड़ी बिल्डिंग की छत पर आग लग गई। रात करीब सवा 9 बजे हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर मोती तबेला फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
जूनी इंदौर थाना प्रभारी अनिल गुप्ता ने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर में सुयोंग अस्पताल के सामने स्थित एक बंद बिल्डिंग की छत पर वेस्ट मटेरियल पड़ा था। इसी दौरान वहां अचानक आग लग गई। छत पर रखे सामान के कारण आग तेजी से फैल गई। सूचना के बाद दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई।
रहवासियों के मुताबिक, पास की बिल्डिंग के नजदीक कुछ बच्चे रावण दहन कर रहे थे। इसी दौरान पटाखे की चिंगारी उड़कर बंद बिल्डिंग की छत पर पहुंच गई, जिससे वहां रखे वेस्ट मटेरियल में आग लग गई। आग बुझाने के दौरान एहतियात के तौर पर कुछ देर के लिए इलाके की बिजली भी बंद की गई थी। पुलिस के मुताबिक, आग पर काबू पा लिया गया है और घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर