इंदौरः मंत्री सिलावट के नेतृत्व में संकल्प यात्रा का आज क्षिप्रा में होगा भव्य स्वागत
- स्वच्छता अभियान, घाट पूजन, स्वास्थ्य एवं सफाई कर्मियों का सम्मान सहित होंगे विभिन्न कार्यक्रम
इंदौर, 30 सितम्बर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सुशासन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत वाराणसी से वडनगर तक निकाली जा रही जन सेवा संकल्प यात्रा आज (बुधवार) सांवेर विधानसभा क्षेत्र के क्षिप्रा पहुंचेगी। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट के नेतृत्व में यात्रा का क्षिप्रा में भव्य स्वागत किया जाएगा। इस अवसर पर यात्रा में शामिल युवाओं के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जनसम्पर्क अधिकारी महिपाल अजय ने जानकारी देते हुए बताया कि मंत्री सिलावट के नेतृत्व में क्षिप्रा में स्वच्छता अभियान, क्षिप्रा घाट पर पूजन तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य एवं सफाई कर्मियों का सम्मान किया जाएगा। यात्रा सांवेर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए अनेक जनकल्याणकारी एवं सामाजिक कार्यक्रमों में सहभागिता करेगी।
जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, जन सेवा संकल्प यात्रा का क्षिप्रा में भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके पश्चात डकाच्या में कबड्डी खिलाड़ियों को खेल सामग्री वितरित की जाएगी। यहां से यात्रा लसूडिया परमार पहुंचेगी , जहां आजीविका एवं लखपति दीदियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके बाद यात्रा खाकरौद होते हुए टोडी पहुंचेगी। टोडी में यात्रा के स्वागत के साथ स्कूल में वृक्षारोपण एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। टोडी से यात्रा धनखेड़ी पहुंचेगी। इसके पश्चात जैतपुरा, धरमपुरी, रिंगनोदिया, बारोली टोल, अलवासा एवं पालिया स्टेशन होते हुए सगवाल चौराहा पहुंचेगी। इन सभी स्थानों पर यात्रा के भव्य स्वागत की तैयारियां की गई हैं। सगवाल चौराहे से यात्रा हातोद में प्रवेश करेगी। हातोद में वृक्षारोपण सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे।
इसके बाद जन सेवा संकल्प यात्रा हातोद के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरते हुए देपालपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश करेगी। यात्रा देपालपुर के महाकाल गार्डन में रात्रि विश्राम करेगी। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर जनसंवाद, स्वच्छता, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सहभागिता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर