इंदौरः सब्जी मंडी हटाने पर बवाल, नेता प्रतिपक्ष ने कर्मचारी को मारा थप्पड़

 


- सोनिला मिमरोट समेत 7 के खिलाफ केस दर्ज, कांग्रेस ने पुलिस पर लगाए पक्षपात के आरोप

इंदौर, 25 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में बुधवार को फूटी कोठी ब्रिज के नीचे सब्जी मंडी हटाने पहुंची नगर निगम की टीम को कारोबारियों के विरोध का सामना करना पड़ा। कार्रवाई के दौरान सब्जी विक्रेताओं और निगम कर्मचारियों के बीच विवाद बढ़ गया। विरोध में महिलाओं ने सब्जियां सड़क पर फेंक दीं। इसी बीच नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट ने एक कर्मचारी को थप्पड़ मार दिया। धक्का-मुक्की में निगम का एक अधिकारी भी सड़क पर गिर गया।

सोनिला मिमरोट ने कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि निगम की टीम ने मंडी हटाने के लिखित आदेश नहीं दिखाए। उन्होंने महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया। वहीं, निगम के रिमूवल अधिकारी शिवराज यादव का कहना है कि टीम अवैध मंडी हटाने पहुंची थी। व्यापारियों को समझाइश दी जा रही थी, तभी कुछ लोगों ने कर्मचारियों के साथ अभद्रता और मारपीट शुरू कर दी। घटना में दो कर्मचारी घायल हुए हैं।

सात लोगों पर दर्ज हुआ मामला

एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल ने बताया कि विवाद के मामले में नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट और सब्जी विक्रेताओं सहित सात लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने सात लोगों को हिरासत में लेकर कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई की। सोनिला मिमरोट को भी पुलिस कोर्ट लेकर पहुंची। इस दौरान थाने के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की, जबकि सब्जी विक्रेता महिलाएं अपनी शिकायत लेकर थाने पहुंचीं।

मंडी दोबारा नहीं लगने देने की बात

नगर निगम के रिमूवल अधिकारी शिवराज यादव ने बताया कि फूटी कोठी ब्रिज के नीचे से मंडी खाली करा दी गई है। अब इस स्थान पर दोबारा सब्जी मंडी नहीं लगने दी जाएगी। कार्रवाई के बाद निगम अधिकारियों और सब्जी विक्रेताओं के बीच विवाद पुलिस थाने तक पहुंच गया। पार्षद राजू भदौरिया भी थाने में मौजूद रहे। उन्होंने निगम कर्मचारी से मारपीट के मामले में शिकायत दर्ज कराने की बात कही।

कांग्रेस ने पुलिस पर उठाए सवाल

शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पुलिस भाजपा के एजेंट के रूप में काम कर रही है। उनका कहना है कि गरीबों के समर्थन में आवाज उठाने वाले कांग्रेस नेताओं के साथ मारपीट की जा रही है और बाद में उन्हीं के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने का मामला दर्ज किया जा रहा है। चौकसे ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता के साथी के साथ हुई मारपीट पर पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया। उन्होंने कहा कि गरीबों के हक की लड़ाई में कांग्रेस कार्यकर्ता जेल जाने से भी पीछे नहीं हटेंगे।

समाजसेवी ने भी पुलिस पर लगाए आरोप

मंडी विक्रेताओं के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे समाजसेवी प्रहलाद पांडे को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। पांडे ने आरोप लगाया कि बुधवार सुबह करीब चार बजे पुलिसकर्मी चैनल गेट फांदकर उनके घर में दाखिल हुए। उनकी पत्नी संगीता ने पुलिसकर्मियों का वीडियो बनाने की कोशिश की तो वे कैमरे से बचने लगे। पांडे का दावा है कि पुलिस उन्हें हिरासत में लेने पहुंची थी। उन्हें आशंका है कि मंडी में प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को रोकने के लिए यह कार्रवाई की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर