इंदौरः निजी पंजीयन वाले दोपहिया वाहनों का हो रहा व्यावसायिक उपयोग, 200 वाहनों की हुई जाँच

 


- 53 के विरुद्ध चालानी कार्रवाई, 20 वाहन जुर्माना जमा करने के बाद मुक्त

इंदौर, 16 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में निजी उपयोग के लिए पंजीकृत दोपहिया वाहनों का व्यावसायिक गतिविधियों, विशेषकर बाइक टैक्सी के रूप में नियम विरुद्ध उपयोग किए जाने पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार को शहर के विभिन्न स्थानों पर सघन आकस्मिक वाहन जाँच अभियान चलाया।

परिवहन विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि अभियान के दौरान रैपिडो, ओला, उबर, जुगनू एवं अन्य एग्रीगेटर प्लेटफॉर्म के माध्यम से बाइक टैक्सी के रूप में संचालित किए जा रहे दोपहिया वाहनों की विशेष रूप से जाँच की गई। इसमें यह सुनिश्चित किया गया कि निजी श्रेणी में पंजीकृत वाहनों का उपयोग व्यावसायिक गतिविधियों के लिए तो नहीं किया जा रहा है। निजी पंजीयन वाले वाहनों का निर्धारित वैधानिक अनुमति एवं आवश्यक प्रावधानों के बिना व्यावसायिक उपयोग किया जाना नियम विरुद्ध है। ऐसे वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।

संयुक्त जाँच अभियान के अंतर्गत कुल 200 दोपहिया वाहनों की जाँच की गई। इनमें नियमों एवं वैधानिक प्रावधानों का उल्लंघन करते पाए गए 53 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। इनमें से 20 वाहनों को निर्धारित जुर्माना राशि जमा करने के उपरांत मुक्त किया गया। कार्रवाई के दौरान कुल 60 हजार रुपये का राजस्व भी वसूल किया गया।

जाँच के दौरान वाहनों के पंजीयन की श्रेणी, व्यावसायिक उपयोग के लिए आवश्यक वैधानिक अनुमति, पंजीयन संबंधी दस्तावेजों तथा एग्रीगेटर प्लेटफॉर्म के माध्यम से बाइक टैक्सी संचालन के लिए निर्धारित नियमों एवं शर्तों के पालन की जाँच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम एवं उसके अंतर्गत बनाए गए नियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय एवं यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि निजी पंजीयन वाले दोपहिया वाहनों का नियम विरुद्ध व्यावसायिक उपयोग रोकने तथा यातायात व्यवस्था एवं सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त जाँच अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। वाहन स्वामियों एवं बाइक टैक्सी संचालकों को निर्देशित किया गया है कि वे सभी आवश्यक वैधानिक अनुमतियां एवं निर्धारित शर्तें पूरी करने के बाद ही वाहनों का व्यावसायिक संचालन करें। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन एवं चालक के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर