इंदौरः मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कृषि रथ का वर्चुवली शुभारंभ किया
इंदौर, 16 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने शनिवार को इंदौर जिले के विकासखण्ड सांवेर में कृषि रथ का वर्चुवली शुभारंभ किया। इस कृषि रथ का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकी एवं वैज्ञानिक सलाह देना है।
मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कृषकों को वर्चुवली संबोधित करते हुए कहा कि किसानों के हित में यह बड़ा अभियान है, इससे किसानों को कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने में मदद मिलेगी। साथ ही उन्होंने हाल ही में केन्द्र सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा किसानों के हित में लिये गये निर्णयों की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम की शुरूआत में किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के उप संचालक सीएल केवडा ने बताया कि राज्य शासन किसान कल्याण तथा कृषि विकास के निर्देश पर आगामी 10 दिनों के लिये कृषि रथ जिले की सभी ग्राम पंचायतों में आयोजित किया जायेगा। अभियान के तहत किसानों को खरीफ मौसम की क्षेत्रीय फसलों के लिये उन्नत कृषि तकनीक, उर्वरक वितरण की ई-विकास प्रणाली, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, मृदा स्वास्थ्य कार्ड के प्रभावी उपयोग, एकीकृत पोषक तत्व, कीट एवं रोग प्रबंधन, कृषि योजनाओं का प्रचार-प्रसार, प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना, पराली प्रबंधन, कृषि नवाचारों आदि की जानकारी कृषकों को दी जायेगी। साथ ही किसानों से फीडबेक लेकर अनुसंधान को और उपयोगी बनाने की दिशा में कार्य किया जायेगा। श्री केवडा ने बताया कि अभियान के तहत कृषि विज्ञान केन्द्र, आईसीएआर और कृषि महाविद्यालयों के वैज्ञानिक तथा विभागीय अधिकारी गांवों में जाकर किसानों से सीधा संवाद करेंगे। इस दौरान कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, एवं कृषि अभियांत्रीकी के मैदानी अधिकारी भी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करने हुए भारतसिंह दायजी ने किसानों को बताया कि कृषि रथ के माध्यम से दी जाने वाली जानकारी को किसान भाई गंभीरता से ले एवं अपने कृषि में उपयोग करें साथ ई-विकास प्रणाली भी किसानों के हित में है और किसान भाई इसका लाभ अवश्य ले। इस अवसर पर दिलीप चौधरी, नगर परिषद अध्यक्ष संदीप चंगेडिया, तुफानसिंह, सतीश मालवीय, विनोद दयाल, जनपद सदस्य पप्पू पटेल, सुरेश सिंह धनखेडी, पूर्व मण्डी अध्यक्ष दयाराम चौधरी, नेमीचंद कारवाल, पार्षद इन्द्रेश चावडा, कमल परमार, नितिन पटेल, मुन्ना चाचू, सरपंच सुभाष चौहान, राहुल सोलंकी राजेश चौधरी आदी प्रतिनिधि तथा विकासखण्ड सांवेर के समस्त कृषि विस्तार अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन कृषि विस्तार अधिकारी अरविन्द कुमार चाचरिया ने एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी राजेश धारे ने आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर