इंदौरः मंत्री सिलावट ने सांवेर के सीएम राइज स्कूलों का किया दौरा, विद्यार्थियों से किया संवाद

 




इंदौर, 01 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने बुधवार को सांवेर विधानसभा क्षेत्र के सीएम राइज स्कूल पाल कांकरिया एवं कच्छालिया का भ्रमण कर वहां अध्यनरत विद्यार्थियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने छात्रों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, विद्यालयीन गतिविधियों एवं भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली।

मंत्री सिलावट ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का स्थान नहीं, बल्कि जीवन में आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने का मजबूत आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन का पालन करने तथा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है और प्रत्येक विद्यार्थी को अपने समय का सदुपयोग करते हुए निरंतर मेहनत करनी चाहिए। मंत्री श्री सिलावट ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। मंत्री सिलावट ने स्कूल ग्राउंड में पौधारोपण भी किया।

छात्र जीवन की यादें हुईं ताज़ा, पुरानी स्मृतियों से हुए भावुक, भूमि को किया नमन

जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट बुधवार को नए शिक्षा सत्र के अवसर पर इंदौर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय पहुंचे। यह अवसर उनके लिए अत्यंत भावुक, प्रेरणादायी और अविस्मरणीय रहा, क्योंकि इसी महाविद्यालय से उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा प्राप्त की थी। वर्षों बाद अपनी शिक्षास्थली में प्रवेश करते ही उनके छात्र जीवन की अनेक स्मृतियाँ ताज़ा हो उठीं।

महाविद्यालय परिसर में पहुंचते ही मंत्री सिलावट ने शिक्षा के इस मंदिर की चौखट पर साष्टांग दंडवत प्रणाम कर अपनी श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त की। उनका यह आत्मीय और भावनात्मक भाव वहां उपस्थित प्राध्यापकों, विद्यार्थियों तथा अधिकारियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। सभी ने इस क्षण को शिक्षा, संस्कार और गुरुजनों के प्रति सम्मान का जीवंत उदाहरण बताया।

इसी महाविद्यालय से शुरू हुआ था सार्वजनिक जीवन का सफर

मंत्री सिलावट का इस महाविद्यालय से गहरा और आत्मीय जुड़ाव रहा है। छात्र जीवन के दौरान वे इसी वाणिज्य महाविद्यालय के छात्रसंघ अध्यक्ष निर्वाचित हुए थे। इसके बाद उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर के छात्रसंघ अध्यक्ष के रूप में भी नेतृत्व किया। छात्र राजनीति के माध्यम से उन्होंने अपने सार्वजनिक एवं राजनीतिक जीवन की शुरुआत की, जिसने आगे चलकर उन्हें जनसेवा के व्यापक दायित्वों तक पहुंचाया।

महाविद्यालय के भ्रमण के दौरान उन्होंने अपने छात्र जीवन से जुड़े अनेक संस्मरण साझा किए तथा शिक्षकों और विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ अनुशासन , संस्कार, सामाजिक दायित्व और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग रहने का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षण संस्थान केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण पाठशाला होते हैं।

एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत किया पौधरोपण

इस अवसर पर मंत्री तुलसीराम सिलावट ने महाविद्यालय परिसर में एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत पौधरोपण भी किया। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनका संरक्षण करने तथा पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रकृति का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी है और प्रत्येक नागरिक को इस अभियान से जुड़ना चाहिए।

सोशल मीडिया पर साझा की भावनाएँ

अपने महाविद्यालय प्रवास के बाद मंत्री सिलावट ने सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएँ व्यक्त करते हुए लिखा—आज अपनी छात्र जीवन की स्मृतियों से जुड़ी पावन शिक्षास्थली, श्री अटल बिहारी वाजपेयी महाविद्यालय पहुँचकर मन भावुक हो उठा। इस परिसर में प्रवेश करने से पूर्व श्रद्धापूर्वक इसकी धरती को नमन कर उन गुरुओं, संस्कारों और स्मृतियों को स्मरण किया, जिन्होंने जीवन की दिशा और दृष्टि प्रदान की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर