मध्य प्रदेश के इंदौर में तीन रुपये तक महंगा हुआ दूध, नई कीमतें जारी
इंदौर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में दूध की कीमतें दो से तीन रुपये प्रति लीटर तक बढ़ा दी गई है। इंदौर दूध विक्रेता संघ ने घर पहुंच दूध का दाम 63 से बढ़ाकर 65 रुपये प्रति लीटर और दुकानों पर खुले दूध के दाम ६५ से बढ़ाकर 68 रुपये प्रति लीटर कर दिए हैं। नई कीमतें आज (01 अक्टूबर) को जारी कर दी गई हैं।
वहीं, दूध उत्पादक किसानों को मिलने वाले भुगतान में बढ़ोतरी के साथ ही घर तक दूध पहुंचाने की सेवा के लिए भी अतिरिक्त शुल्क तय किया गया है। यानी, होम डिलीवरी कराने वाले उपभोक्ताओं को इसके लिए एक रुपये प्रति लीटर अतिरिक्त चुकाना होगा।
दूध उत्पादक किसानों को 33 पैसे प्रति फैट ज्यादा भुगतान नई व्यवस्था के तहत दूध उत्पादक किसानों को मिलने वाले भुगतान में 33 पैसे प्रति फैट की बढ़ोतरी की गई है। दूध का भुगतान उसकी फैट की मात्रा के आधार पर तय किया जाता है। इसी आधार पर 5.5 से 6 फैट वाले दूध के नए भाव निर्धारित किए गए हैं।
दूध की कीमतों को लेकर किसान और दुग्ध संघ आमने-सामने
इधर, इंदौर में दूध की बढ़ी कीमतों को लेकर किसान संघ ने इस बढ़ोतरी को नाकाफी बताते हुए किसानों को 70 रुपये प्रति लीटर खरीद मूल्य देने की मांग की है। किसानों ने चेतावनी दी है कि मांग नहीं मानी गई तो दूध की सप्लाई रोकने पर फैसला लिया जा सकता है।
मध्य प्रदेश दूध किसान संघ के अध्यक्ष दिलीप सिंह पंवार ने कहा कि हाल में हुई तीन रुपये की बढ़ोतरी में भी एक रुपये डिलीवरी चार्ज शामिल है। किसानों के लिए वास्तविक बढ़ोतरी पर्याप्त नहीं है। उनकी मांग है कि दूध का खरीद मूल्य 70 रुपए प्रति लीटर किया जाए। फैट के आधार पर भुगतान की व्यवस्था होने पर किसान तैयार हैं, लेकिन इसके लिए 12 रुपये प्रति फैट के हिसाब से भुगतान की मांग है।
पंवार ने कहा कि इंदौर में कुछ अन्य दूध व्यापारियों के यहां 65 से 68 रुपये तक खरीद और 70 से 72 रुपये तक बिक्री की बात सामने आती है। ऐसे में किसानों को भी 68 से 70 रुपये तक उचित खरीद मूल्य मिलना चाहिए।
उपभोक्ता पर ज्यादा बोझ नहीं डाल सकतेः विक्रेता संघ
वहीं, इंदौर दूध विक्रेता संघ के अध्यक्ष भरत मथुरावाला ने दूध के बढ़े दामों को लेकर कहा कि संघ पिछले 38 वर्षों से काम कर रहा है और पंजीकृत संस्था है। संघ की जिम्मेदारी किसानों को उत्पादन लागत के अनुरूप भुगतान दिलाने के साथ उपभोक्ताओं पर अनावश्यक बोझ नहीं डालना भी है। मथुरावाला के मुताबिक किसानों को फैट के आधार पर भुगतान किया जाता है। पहले 8.90 रुपए प्रति फैट दिया जा रहा था, जिसे बढ़ाकर 9.23 रुपये प्रति फैट किया गया है। उनका दावा है कि यह भुगतान सांची से अधिक है। उन्होंने कहा कि देवास, उज्जैन, धार और खंडवा सहित आसपास के क्षेत्रों में भी दूध के दाम में करीब 2 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ोतरी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर