इंदौरः फायर सेफ्टी नियमों की अनदेखी पर कार्रवाई, पांच औद्योगिक संस्थान सील
इंदौर, 24 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में फायर सेफ्टी मानकों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को नगर निगम एवं संबंधित विभागों की संयुक्त टीम ने पोलोग्राउंड औद्योगिक क्षेत्र में निरीक्षण अभियान चलाकर फायर सेफ्टी नियमों का उल्लंघन करने वाले पांच औद्योगिक संस्थानों को सील कर दिया।
कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर बुधवार को नगर निगम एवं संबंधित विभागों की संयुक्त टीम ने पोलोग्राउंड औद्योगिक क्षेत्र में निरीक्षण अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि संबंधित संस्थानों में आवश्यक अग्नि सुरक्षा उपकरणों, आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्थाओं तथा निर्धारित फायर सेफ्टी मानकों का समुचित पालन नहीं किया जा रहा था। सुरक्षा मानकों में गंभीर कमियां पाए जाने पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संस्थानों को सील कर दिया।
कार्रवाई के तहत रौनक पेंट फैक्ट्री, स्टार पेंट, पेपर ट्रेंड लिंक प्राइवेट लिमिटेड, सारा फोम तथा वाडीलाल केमिकल को सील किया गया। इन संस्थानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की कमी के कारण किसी भी आपात स्थिति में जनहानि एवं बड़े हादसे की आशंका बनी हुई थी।
कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि नागरिकों एवं कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। शहर के विभिन्न औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी मानकों की नियमित जांच जारी रहेगी और नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी उद्योगों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों से अपील की है कि वे निर्धारित अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को रोका जा सके। जिला प्रशासन द्वारा भविष्य में भी ऐसे निरीक्षण अभियान लगातार जारी रखे जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर