इंदौरः सरकारी जमीन पर अवैध कॉलोनी बसाने की कोशिश नाकाम, जिला प्रशासन ने निर्माण किया ध्वस्त
इंदौर, 23 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण तथा अवैध रूप से कॉलोनी विकसित करने वालों के विरूद्ध कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी सिलसिले में बुधवार को जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम सनावदिया में सरकारी पट्टे की जमीन पर बनी अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया।
एसडीएम अजय भूषण शुक्ला ने बताया कि तहसील भिचौली हप्सी के सनावदिया गांव में भूमि स्वामी जितेंद्र पुत्र करण सिंह ने सर्वे नंबर 680/1/1/2/3 और 680/1/1/2/6 की करीब 0.550 हेक्टेयर शासकीय पट्टे की भूमि पर अवैध प्लॉट काटकर बेचना और निर्माण शुरू कर दिया था। सूचना पर एसडीएम अजय भूषण शुक्ला, तहसीलदार अनिल पटेल तथा अजय अहिरवार और राजस्व अमले ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर निर्माणाधीन पक्के निर्माण और सड़कों पर बुलडोजर चलाकर पूरी कॉलोनी को जमींदोज कर दिया। इस मामले में आरोपी बने सिंह, चम्पालाल और जितेंद्र पर पहले से ही अवैध कॉलोनी के तहत एफआईआर दर्ज है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर