इंदौरः संयुक्त टीम ने किया रेत मंडी में औचक निरीक्षण, 3 डंपर जब्त
इंदौर, 15 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशानुसार अनुभाग बिचौली क्षेत्र में राजस्व, खनिज एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा देवगुराड़िया रोड स्थित रेत मंडी में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान तीन डंपरों को जब्त किया गया।
एसडीएम अजय शुक्ला ने बताया कि कार्रवाई के दौरान तहसीलदार अनिल पटेल, जिला खनिज अधिकारी जयदीप नामदेव, थाना प्रभारी करणी सिंह, खनिज निरीक्षक स्वाति, आलोक अग्रवाल सहित राजस्व निरीक्षकों एवं पटवारियों की टीम उपस्थित रही। निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे खड़े डंपरों द्वारा यातायात बाधित किया जाना तथा कुछ वाहनों में ओवरलोडिंग पाई गई। इस पर संयुक्त टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए अब तक तीन डंपरों को जब्त कर खुडैल थाना परिसर में खड़ा कराया गया है।
बताया गया कि अन्य 7 वाहनों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन द्वारा अवैध परिवहन, ओवरलोडिंग तथा यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर