इंदौरः जनसुनवाई में समस्याओं का हुआ त्वरित निराकरण, किसी को नौकरी तो किसी को मिली आर्थिक सहायता

 


इंदौर, 16 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी मंच बनकर उभरी है। जनसुनवाई में पहुंचे विभिन्न आवेदकों की समस्याओं को कलेक्टर शिवम वर्मा ने संवेदनशीलता के साथ सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए त्वरित सहायता सुनिश्चित की।

जनसुनवाई में अपने पिता संतोष खाजेकर के साथ पहुंची मेधावी छात्रा कृष्णा खाजेकर ने बताया कि उन्होंने माध्यमिक शिक्षा मंडल की दसवीं बोर्ड परीक्षा में 98.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। वे प्रदेश की मेरिट सूची में नवें स्थान पर तथा इंदौर जिले में प्रथम स्थान पर रही हैं। छात्रा की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर कलेक्टर वर्मा ने उन्हें बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही प्रोत्साहन स्वरूप उन्हें लैपटॉप उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर छात्रा के पिता संतोष खाजेकर ने कहा कि उनकी पुत्री की शिक्षा के प्रति लगन और समर्पण को देखते हुए उन्होंने संकल्प लिया है कि वे हर परिस्थिति में उसकी पढ़ाई जारी रखेंगे तथा उसके सपनों को साकार करने में कोई कमी नहीं आने देंगे। कलेक्टर ने छात्रा के भविष्य के लिए शासन-प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया। इस पर संतोष खाजेकर एवं कृष्णा खाजेकर ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

जनसुनवाई में पहुंची दीपाली राठौड़ ने कलेक्टर वर्मा को अपनी समस्या बताते हुए कहा कि वे शिक्षित हैं, किन्तु वर्तमान में रोजगार के अभाव एवं आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रही हैं। प्रकरण को गंभीरता से सुनते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस पहल से प्रसन्न होकर दीपाली राठौड़ ने जिला प्रशासन के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

एक अन्य प्रकरण में उर्मिला सुनहरे जनसुनवाई में विशेष रूप से कलेक्टर वर्मा एवं जिला प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित करने पहुंचीं। उन्होंने बताया कि गत जनसुनवाई में उन्हें आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी सहायता उपलब्ध कराई गई थी, जिससे उन्हें बड़ी राहत मिली है। उन्होंने प्रशासन की संवेदनशील कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि जनसुनवाई आमजन की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बन रही है।

साप्ताहिक जनसुनवाई में अधिकारियों ने आमजन से प्रत्यक्ष संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित 300 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर कलेक्टर वर्मा के निर्देशन में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में कई आवेदन प्राप्त हुए जिसमें मुख्य रूप में प्लॉट, संपत्ति, पारिवारिक विवाद, चिकित्सा सहायता और रोजगार से जुड़े प्रकरण रहे। जनसुनवाई में सभी विभागीय अधिकारियों और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्धार्थ जैन, अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पवार, रिंकेश वैश्य ने जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याओं को सहानुभूति के साथ सुना और उनका निराकरण किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर