इंदौरः मंत्री सिलावट ने मांगलिया में निर्माणाधीन रेलवे ओव्हरब्रिज का निरीक्षण किया
- निर्माण कार्यों में तेजी लायें, लोक निर्माण विभाग और रेलवे समन्वय के साथ कार्य करें - सिलावट
इंदौर, 22 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने रविवार को इंदौर जिले के सांवेर विधानसभा के मांगलिया में 45 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन इंदौर-देवास रेलवे समपार ओव्हरब्रिज का निरीक्षण किया। इस मौके पर लोक निर्माण विभाग की कार्यपालन यंत्री गुरमीत कौर भाटिया और रेलवे के अधिकारी साथ थे।
मंत्री सिलावट ने निर्माणाधीन रेलवे ओव्हरब्रिज के प्रगति कार्यों की जानकारी संबंधित अधिकारियों से प्राप्त की और उसकी विस्तृत समीक्षा की। साथ ही उन्होंने रेलवे ओव्हरब्रिज की ड्राइंग और डिजाइन देखी और मौके पर ही रतलाम डीआरएम से दूरभाष पर बातचीत कर निर्माणाधीन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिये। इस रेलवे ब्रिज की लंबाई 790 मीटर और चौड़ाई 12 मीटर है।
मंत्री सिलावट ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेलवे ओव्हरब्रिज का निर्माण कार्य समयसीमा में गुणवत्ता के साथ करें। लोक निर्माण विभाग और रेलवे समन्वय के साथ कार्य करें। निर्माण कार्यों की प्रगति रिपोर्ट हर 15 दिवस में प्रस्तुत करें और उसकी मॉनीटरिंग करें।
सिलावट ने बताया कि यह रेलवे ओव्हर ब्रिज ओंकारेश्वर से महाकालेश्वर उज्जैन का लिंक रोड है, जिस पर हजारों वाहनों का आवागमन होता है। इस रेलवे ओव्हर ब्रिज का निर्माण होने से प्रतिदिन एक लाख से अधिक लोगों को सुलभ व सरल आवागमन होगा। इस मौके पर जनपद सदस्य भरत पटेल, रवि वाजपेयी, एसडीओ गोरेलाल सोलंकी, रेलवे अधिकारी कैलाशचंद, नायब तहसीलदार विकास रघुवंशी, मांगलिया सरपंच विजय हिरवे, विक्की यादव, उप सरपंच चेतन मेहता, महेश मंत्री एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर