इंदौरः एच.पी.वी. टीकाकरण अभियान का हुआ शुभारंभ

 


इंदौर, 28 फरवरी (हि.स.)। देश-प्रदेश के साथ शनिवार को इंदौर जिले में भी सर्विकल कैंसर के विरुद्ध राष्ट्रीय एच. पी.वी. टीकाकरण का शुभारंभ किया गया।

इंदौर जिले में हुकुमचंद पॉलिक्लिनिक में प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वारस्य अधिकारी डॉ. शरद गुप्ता, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. तरुण गुप्ता एवं जिले के कार्यक्रम अधिकारियों ने दीप प्रज्वलन कर अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में किशोरी दिति जैन को एच.पी.वी टीका लगाकर इस अभियान का प्रारंभ किया गया। दिति जैन इंदौर की पहली हितग्राही बनी जिन्हें यह टीका लगाया गया। दिति ने इस अवसर पर कहा कि यह टीका लगाने के लिए अति उत्साहित थी, उसने ऑनलाईन स्लॉट बुक किया था और उसे इस बात का गर्व है कि वह इस टीकाकरण की पहली हितग्राही बनी है।

इसी प्रकार शासकीय प्रकाशचंद सेठी हॉस्पिटल में कृपा तंवर एवं हिनल खंडेलवाल को एच.पी.वी. टीका लगाया गया। दोनों किशोरियों ने कहा कि वह यह टीका लगवाकर यह संदेश देना चाहती है कि जागरुकता से हम सर्विकल कैंसर से बचाव कर सकते हैं और हमारी सभी साथी जो इसके लिए पात्र हितग्राही है, वह टीका अवश्य लगवाएं, यह पूर्णतः सुरक्षित है। इस अवसर पर हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र की प्रतिलिपि भी दी गई।

इसके पूर्व एच.पी.वी. टीकाकरण का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा अजमेर राजस्थान से किया गया। इसका सीधा प्रसारण भी देखा गया। इस टीकाकरण का उद्देश्य महिलाओं में सर्विकल कैंसर से बचाव करना है, जो भारत में स्तन कैंसर के बाद कैंसर का दूसरा सबसे बड़ा रूप है। 99 प्रतिशत सर्विकल कैंसर एच.पी.वी. वायरस के कारण होते हैं। जिला अस्पताल इंदौर में सिविल सर्जन डॉ.जी.एल सोढ़ी ने इस अभियान का शुभारंभ किया। जिले के विकासखंड हातोद, सांवेर, देपालपुर, मानपुर तथा शहरी क्षेत्र में चारो झोन में भी एच.पी.वी. टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया।

यह टीका उन किशोरियों को लगाया जाएगा जिनकी उम्र 14 वर्ष पूरी हो चुकी है। जिन लड़कियों ने अपना 14वां जन्मदिन मना लिया है, लेकिन 15वां जन्मदिन पूरा नहीं हुआ है, वे पात्र है। एक सिंगल डोज वैक्सीन प्रभावी मानी जाती है। यह टीका किशोरियों को पूर्णतः निःशुल्क लगाया जाएगा। इसके एक डोज का अनुमानित मूल्य लगभग 4 हजार रुपये से 5 हजार रुपये के मध्य है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर