इंदौर में आकाशवाणी के स्थापना दिवस पर भव्य सांस्कृतिक उत्सव संपन्न
- प्राइमरी और विविध भारती चैनल पर हुआ ऐतिहासिक 1 घंटे 50 मिनट का लाइव फोन-इन कार्यक्रम
इंदौर, 22 मई (हि.स.)। आकाशवाणी के गौरवशाली 90 वर्ष पूरे होने के राष्ट्रव्यापी उत्साह और आकाशवाणी इंदौर के 71वें स्थापना दिवस के ऐतिहासिक अवसर पर शुक्रवार को मालवा हाउस स्थित आकाशवाणी परिसर में एक भव्य और गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह से लेकर रात तक चले इस उत्सव में परंपरा, तकनीक, संस्मरण और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला।
उत्सव की शुरुआत सुबह 10 बजे मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। दीप प्रज्वलन कार्यक्रम प्रमुख राजेश पाठक, अभियांत्रिकी प्रमुख अभय कुमार गुप्ता एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इसके बाद आकाशवाणी के इतिहास में एक अनूठा और ऐतिहासिक क्षण आया, जब आकाशवाणी के प्राइमरी चैनल और विविध भारती चैनल से एक साथ (सिमुलकास्ट) 1 घंटे 50 मिनट का विशेष लाइव फोन-इन प्रोग्राम प्रसारित किया गया। इस कार्यक्रम में देश-विदेश के श्रोताओं ने लाइव जुड़कर अपने शुभकामना संदेश साझा किए और आकाशवाणी से जुड़े अपने 90 वर्षों के संस्मरण सुनाए।
इस ऐतिहासिक लाइव शो में आकाशवाणी के पूर्व उद्घोषक देवेंद्र कौर मधु, संतोष जोशी, विजय राय के साथ-साथ वर्तमान कार्यक्रम प्रमुख राजेश पाठक और अभियांत्रिकी प्रमुख अभय कुमार गुप्ता भी शामिल हुए। कार्यक्रम का कुशल संचालन आकाशवाणी इंदौर के वरिष्ठ उद्घोषक संजीव मालवीय ने किया। इस पूरे प्रसारण की लाइव स्ट्रीमिंग आकाशवाणी इंदौर के आधिकारिक फेसबुक पेज पर भी की गई, जिसे डिजिटल दर्शकों की भी शानदार प्रतिक्रिया मिली। दोपहर में स्टूडियो और पूरे प्रांगण में उत्सव का माहौल रहा, जहाँ सभी कर्मचारियों और अधिकारियों ने ढोल की थाप पर नृत्य किया और खूबसूरत रंगोलियां बनाईं।
*शाम का सत्र: भव्य सांस्कृतिक एवं औपचारिक समारोह*
शाम को आकाशवाणी परिसर में ही बने एक विशाल और सुसज्जित मंच पर सांस्कृतिक व औपचारिक कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। शाम के सत्र की शुरुआत अभय कुमार गुप्ता (अभियांत्रिकी प्रमुख), राजेश पाठक (कार्यक्रम प्रमुख) के साथ कार्यक्रम अधिकारी डॉक्टर प्रीति छड़ीदार, असीम कैथवास, जे.एन. वर्मा, एस.के. जैन और एस.डी. यादव द्वारा दीप प्रज्वलन से हुई।
समारोह के दौरान अभियांत्रिकी प्रमुख अभय कुमार गुप्ता द्वारा उपस्थित समस्त आकाशवाणी परिवार के अधिकारियों और कर्मचारियों को संस्थान के प्रति निष्ठा की शपथ दिलवाई गई। अपने उद्बोधन में गुप्ता ने कहा कि वक्त के साथ तकनीकी गुणवत्ता को बनाए रखना और उसे आधुनिक बनाना आकाशवाणी की सबसे अहम और प्राथमिक जरूरत है।
कार्यक्रम प्रमुख राजेश पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि हम सबका यह परम दायित्व है कि आज के वर्तमान और बदलते डिजिटल दौर के हिसाब से अपने कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करें और ऐसे कंटेंट पर जोर दें जो आकाशवाणी को जन-जन में और अधिक लोकप्रिय बनाए।
इस अवसर पर आकाशवाणी इंदौर के पूर्व कार्यक्रम अधिकारी राहुल पंवार का विदाई सम्मान संजीव कुमार मालवीय द्वारा किया गया। सम्मान के पश्चात राहुल पंवार ने भावुक उद्बोधन देते हुए आकाशवाणी के साथ अपने अनुभवों को साझा किया। इसके साथ ही अमृता विक्रम सिंह और रूपाली चव्हाण के नेतृत्व में 'बैज सेरिमनी' का गरिमापूर्ण आयोजन किया गया।
औपचारिक सत्र के बाद आकाशवाणी के विभिन्न विंग्स और कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए गए, जिसने समां बांध दिया। स्वाति उखले और साथियों द्वारा सुमधुर लोक गीतों की प्रस्तुति दी गई। आकस्मिक उद्घोषकों अमृता विक्रम सिंह, रूपाली चव्हाण, पद्मश्री तपस्वी ,अभिलाष तिवारी ,महिमा शर्मा, माजिद खान, मनीष सोनी, निलेश जोशी, राहुल तिवारी और राजेश जैन द्वारा आकाशवाणी के सफर और उसकी महत्ता को दर्शाता विशेष नाटक मैं हूं आकाशवाणी का प्रभावी मंचन किया गया।
ब्रॉडकास्ट असिस्टेंस चंद्रशेखर कुरील और चेतन शाह और खेती-गृहस्थी के कंपीयर्स धरणीधर मिश्र, अनुराधा शर्मा ,नर्मदा डोलकर और संध्या कोठारी द्वारा गुदगुदाने वाली हास्य झलकियां पेश की गईं। 'महिला सभा' की कंपीयर्स शिखा साहू, सुषमा व्यास,दुर्गेश नंदनी चौधरी और दीप लक्ष्मी द्वारा सखियों की मस्ती और 'युवानी' व 'मराठी' कंपीयर्स द्वारा ऊर्जा से भरपूर प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम के अंत में पूरा आकाशवाणी परिवार एक साथ ढोल की थाप पर थिरक उठा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर आकाशवाणी इंदौर के कार्यक्रम अधिकारी असीम कैथवास ने सभी अतिथियों, कलाकारों, कर्मचारियों और श्रोताओं का आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर