इंदौरः जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 30 करोड़ की शासकीय भूमि अतिक्रमण मुक्त, 12 मकान हटाए गए
इंदौर, 20 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार जारी है। इस क्रम में सोमवार को जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बेशकीमती शासकीय जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में प्रशासनिक अमले द्वारा ग्राम खजराना क्षेत्र में कार्रवाई की गई।
क्षेत्र के एसडीएम घनश्याम धनगर ने बताया कि शासकीय सीलिंग की भूमि, खसरा क्रमांक 442/1, क्षेत्रफल लगभग 30,000 वर्गफीट पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। इस दौरान यहां निर्मित कुल 12 मकानों को हटाने की कार्रवाई की गई। बताया गया कि मुक्त कराई गई भूमि का बाजार मूल्य लगभग 30 करोड़ रुपये है।
कार्रवाई के दौरान खजराना एसीपी कुंदन मंडलोई, तहसीलदार राकेश सस्तिया सहित कमलेश कुशवाह, अशोक परमार, थाना प्रभारी मनोज सेंधव, रिमूवल अधिकारी बबलू कल्याणे तथा राजस्व, पुलिस और नगर निगम का अमला मौके पर उपस्थित रहा। शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर