इंदौरः प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 200 करोड़ से अधिक की शासकीय भूमि को कराया गया अतिक्रमण मुक्त
इंदौर, 08 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में पिपलिया राव क्षेत्र में चौइथराम हॉस्पिटल के सामने जिला प्रशासन और नगर निगम के संयुक्त अमले ने बुधवार को शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त करने के संबंध में बड़ी कार्रवाई की। इस कार्रवाई में 200 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की बेशकीमती शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
जूनी इंदौर एसडीएम घनश्याम धनगर ने बताया कि यह कार्रवाई कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में की गई। उन्होंने बताया कि यह भूमि चोइथराम अस्पताल के ठीक सामने स्थित है। इस भूमि पर खुशबीर सिंह पुत्र दलजीत सिंह का लंबे समय से कब्जा था। राजस्व न्यायालय से प्रकरण में अतिक्रमण हटाने के आदेश हुए थे। विगत 25 फरवरी 2026 को अंतिम सूचना पत्र जारी कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। यह भूमि ग्राम पिपलिया राव स्थित सर्वे क्रमांक 19/1, 20/1, 21/1 और 22/2 में स्थित है। इसका कुल रकबा 1.784 हेक्टेयर है। प्रशासनिक अमले ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को प्रभावी रूप से सम्पन्न किया।
कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि शासकीय भूमि पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। कार्यवाही के दौरान तहसीलदार राकेश सस्तिया , कमलेश कुशवाह, नायब तहसीलदार डीपी सोनी, रिमूवल अधिकारी अंकेश बिरथरे , बबलू कल्याणे आदि उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर