इंदौरः चोरल रेंज जंगल में वन विभाग की टीम पर हमला, पथराव कर गाड़ियों के कांच फोड़े

 




इंदौर, 18 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में इंदौर के चोरल रेंज के ग्राम रसकुंडिया के जंगल में शनिवार दोपहर शासकीय कार्य करने पहुंची वन विभाग की टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। अतिक्रमण संभावित क्षेत्र में जल संरचना और कंटूर निर्माण का काम रोकने पहुंचे आरोपियों ने न सिर्फ वन विभाग के अमले पर पथराव किया, बल्कि तलवार और फालिये से भी हमला कर दिया।

आरोपियों ने जेसीबी और वन विभाग की एम्बुलेंस पर भी पथराव किया, जिससे वाहनों को नुकसान पहुंचा। इस झड़प में एक वनरक्षक घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद सिमरोल थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

सिमरोल पुलिस के अनुसार, वनपाल दर्शन सिंह परमार की शिकायत पर पवन पुत्र प्रेमसिंह भील, अनोखीलाल पुत्र प्रेमसिंह भील और प्रेमसिंह पुत्र पूनमचंद भील के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

वनपाल ने बताया कि वे जंगल में शासकीय कार्य कराने पहुंचे थे। उनके साथ विभाग का अन्य स्टाफ भी मौजूद था। इसी दौरान प्रेमसिंह और उसके दोनों बेटे तलवार और फालिया लेकर पहुंचे तथा कर्मचारियों से गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने पथराव शुरू कर दिया और शासकीय कार्य रुकवा दिया। आरोपियों ने दोनों जेसीबी और वन विभाग की एम्बुलेंस के कांच भी फोड़ दिए।

घटना के दौरान अनोखीलाल के पास फालिया और पवन के पास तलवार थी। पवन ने वनरक्षक आनंद कुमार सिंह के साथ हाथापाई शुरू कर दी। इस हाथापाई में तलवार का हत्था आनंद कुमार के हाथ की कलाई पर लगा, जिससे आनंद कुमार सिंह को चोट लग गई और वह घायल हो गया। जैसे तैसे वन विभाग के कर्मचारियों ने आनंद कुमार को पवन से छुड़वाया। तीनों ने धमकी दी कि आज के बाद इस जगह पर कुछ भी काम करने लिए आए तो जान से खत्म कर देंगे। जिसके वन विभाग के कर्मचारी घायल आनंद को लेकर अस्पताल पहुंचे।

इधर, जंगल में हुई इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। जिसमें आरोपी हाथों में हथियार लिए नजर आ रहे हैं और काम को रोकने की कोशिश कर रहे हैं। इधर, घटना की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले में तीन लोगों को पर केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर