इंदौरः बस स्टैंड के आसपास स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन की कार्रवाई

 


- विभिन्न प्रतिष्ठानों से 08 खाद्य नमूने जांच हेतु संग्रहित

इंदौर, 26 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में कलेक्टर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा शनिवार को बस स्टैंड के आसपास स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी कमियां पाए जाने पर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए तथा खाद्य पदार्थों के नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए।

विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि साउथ तुकोगंज स्थित भारतीय भोजनालय का प्रभारी मयंक पांडे की उपस्थिति में निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खाद्य कर्मियों के मेडिकल प्रमाण-पत्र, पेस्ट कंट्रोल प्रमाण-पत्र, खाद्य परीक्षण रिपोर्ट एवं पानी की जांच रिपोर्ट मौके पर उपलब्ध नहीं पाई गई। उक्त कमियों के संबंध में प्रतिष्ठान को सुधार सूचना नोटिस जारी किया जा रहा है।

इसी तरह रानी सराय, साउथ तुकोगंज स्थित साईं प्रसाद डाइनिंग हॉल रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मेडिकल प्रमाण-पत्र, पेस्ट कंट्रोल प्रमाण-पत्र, खाद्य परीक्षण रिपोर्ट, पानी की जांच रिपोर्ट, कच्चे खाद्य पदार्थों के उचित रखरखाव संबंधी व्यवस्था एवं खाद्य सुपरवाइजर प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं पाए गए। कमियों के संबंध में नोटिस जारी किया जा रहा है। मौके पर मयंक उपाध्याय की उपस्थिति में मिर्ची पाउडर एवं हल्दी पाउडर के कुल 02 नमूने संग्रहित किए गए, जिन्हें राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है।

रानी सराय, साउथ तुकोगंज स्थित नीलकंठ भोजनालय का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाण-पत्र एवं पानी की जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं पाई गई। रोटी को समाचार-पत्र पर रखा हुआ पाया गया। उक्त कमियों के संबंध में नोटिस जारी किया जा रहा है। आनंद रावल की उपस्थिति में पनीर एवं चावल के कुल 02 नमूने संग्रहित किए गए, जिन्हें जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

सिंधी कॉलोनी स्थित जेके ट्रेडर्स कंपनी का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सोयाबीन तेल, तिल का तेल, मूंग दाल एवं तुअर दाल के कुल 04 नमूने संग्रहित किए गए। सभी नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

इस प्रकार आज की कार्रवाई में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से कुल 08 खाद्य नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए हैं। खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने हेतु निरीक्षण एवं नमूना कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर