इंदौरः खाद्य विभाग का विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापा, 1.35 लाख रुपये मूल्य का 208 किलो संदिग्ध घी जब्त
इंदौर, 22 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में दूध एवं दुग्ध उत्पादों तथा विद्यालयों की मेस एवं कैंटीनों में अमानक खाद्य सामग्री के विरूद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार को खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा विभिन्न प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया गया। इस दौरान खाद्य विभाग की टीम द्वारा विभिन्न प्रतिष्ठानों से 17 खाद्य नमूने जांच हेतु लिए गए तथा लगभग 1 लाख 35 हजार रुपये मूल्य का 208 किलोग्राम संदिग्ध घी जब्त किया गया।
जिला प्रशासन ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के संयुक्त दल ने हिम्मतनगर पालदा स्थित श्रीनाथ एजेंसी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान पर लस्सी एवं छाछ का निर्माण, पैकेजिंग एवं विक्रय किया जाना पाया गया। साथ ही बल्क मिल्क चिलिंग सेंटर से लस्सी एवं छाछ के दो नमूने जांच हेतु लिए गए।
वहीं, खाद्य विभाग की टीम द्वारा मेडीकैप्स इंटरनेशनल स्कूल का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान किचन एवं स्टोरेज क्षेत्र में कई गंभीर कमियां पाई गईं। किचन के पीछे उबले एवं मैश किए हुए आलू, कटी हुई शिमला मिर्च, पाव सहित अन्य खाद्य सामग्री अस्वच्छ परिस्थितियों में रखी हुई मिली। निरीक्षण के दौरान कुछ खाद्य पदार्थों की पैकेजिंग पर लेबलिंग अधूरी पाई गई। फ्रीजर में रखे फ्रोजन फिंगर चिप्स एवं मटर निर्धारित तापमान पर संग्रहित नहीं पाए जाने पर उन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया। जंग लगे चॉपिंग नाइफ एवं गंदे चॉपिंग बोर्ड भी तत्काल हटवाए गए। विद्यालय परिसर से पनीर, सौंफ, मूंगफली, राजमा एवं मूंग छिलका दाल के पांच नमूने जांच हेतु लिए गए। जांच दल द्वारा मैजिक बॉक्स की सहायता से खाद्य पदार्थों की स्पॉट टेस्टिंग भी की गई।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के संयुक्त दल ने अभिषेक नगर, मूसाखेड़ी स्थित नानकसर डेयरी फार्म का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान से पनीर, मावा, दही एवं घी के पांच नमूने जांच हेतु लिए गए। इस दौरान जांच दल को परिसर में उपलब्ध घी संदिग्ध प्रतीत होने पर 208 किलोग्राम घी, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 35 हजार रुपये है, नियमानुसार जब्त किया गया। प्रतिष्ठान में पाई गई कमियों के संबंध में संबंधित फर्म को सुधार सूचना पत्र जारी किया जाएगा। साथ ही राऊ स्थित श्री भोले कृपा डेयरी का निरीक्षण कर दूध एवं दुग्ध उत्पादों के पांच नमूने जांच हेतु लिए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा राऊ क्षेत्र में मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स के माध्यम से खाद्य पदार्थों की स्पॉट टेस्टिंग एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान खाद्य कारोबारकर्ताओं एवं आमजन को खाद्य पदार्थों में मिलावट की पहचान, स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन के संबंध में जानकारी दी गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर