मप्र के इंदौर में शोरूम में लगी आग, बिल्डिंग में फंसे 20 लोगों को पड़ोसियों ने छत से सीढ़ियों-रस्सी के सहारे निकाला

 


इंदौर, 05 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के लसूड़िया थाना क्षेत्र अंतर्गत खालसा चौक में शुक्रवार सुबह एक इलेक्ट्रिक वाहनों के शोरूम में आग लग गई। आग से बिल्डिंग की ऊपरी मंजिल पर रहने वाले छह परिवारों के 20 लोग फंस गए। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने पड़ोसियों की मदद से सीढ़ियों और रस्सियों के सहारे उनको बाहर निकाला।

शहर के लसूड़िया इलाके में शुक्रवार सुबह करीब साढ़े सात बजे स्कीम-136 के एक अपार्टमेंट की तल मंजिल के इलेक्ट्रिक वाहन के शोरूम में आग लग गई। अपार्टमेंट के ऊपर दो मंजिल पर छह परिवार रहते हैं। सुबह जब आग लगी, तब फ्लैट में परिवार के कई सदस्य सो रहे थे। धुआं भरने पर सांस लेने में तकलीफ हुई तो उनकी नींद खुली। उन्होंने नीचे देखा तो शोरूम से लपटें उठ रही थीं। इसी के बगल में सीढ़ियां बनी हैं, जिनके लपटों में घिर जाने के कारण ऊपर की मंजिलों से लोग नीचे नहीं सके। जानकारी मिलने के बाद मौके पर पुलिस जवान भी पहुंचे और उन्होंने आसपास के लोगों की मदद से सीढ़ी और रस्सी की मदद से फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकाला।

लोगों ने दोनों छतों के बीच सीढ़ियां जोड़कर रास्ता बनाया। खिड़कियों और एंगल से रस्सियां बांधकर दूसरी तरफ फेंकी। आग में फंसे कुछ लोग इन सीढ़ियों से दूसरी बिल्डिंग की छत पर पहुंचे। कुछ लोग रस्सियों के सहारे नीचे उतरे। राहत की बात यह रही कि आग किसी भी फ्लैट तक नहीं पहुंची, जिससे घरेलू सामान सुरक्षित बच गया। हालांकि, आग के कारण शोरूम में रखे सभी इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन जल गए।

फायर ब्रिगेड अधिकारी शोभाराम मालवीय ने बताया कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। करीब एक घंटे में दो टैंकर पानी की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। मामले की जांच कर रहे हैं।

स्थानीय निवासी भानु सिंह और निशा सिंह ने बताया कि वे मूल रूप से शिवपुरी के रहने वाले हैं। ढाई साल पहले इंदौर आकर बसे हैं। भानु निजी कंपनी में काम करते हैं। जब आग लगी, तब उनकी नींद लगी हुई थी। जब लोगों ने खिड़कियों से पत्थर फेंके तो वे बालकनी से बाहर निकले। वहीं, चेतन बेंगलुरू के रहने वाले हैं, खुद का स्टार्टअप है। इंदौर में किराए का फ्लैट लेकर रह रहे हैं। उन्होंने बताया कि वे भी शोर सुनकर ही जागे थे। हादसे के बाद सभी लोग यहां से निकलकर अपने परिचितों के पास चले गए हैं।

भानु सिंह के मुताबिक, बिल्डिंग में 9 फ्लैट हैं। इनमें 2 से 3 में ही परिवार रहते थे। नीचे कुछ लोग बाहर निकलकर आ चुके थे। बगल वाली बिल्डिंग खाली थी। आसपास के लोगों ने पुलिस की मदद से यहीं से लोगों को बाहर निकाला था। ज्यादातर लोग सीढ़ियों से नीचे आ गए थे। भानु सिंह के परिवार का रेस्क्यू करना पड़ा। पड़ोस की बिल्डिंग के चौकीदार प्रवीण ने बताया कि दुबई से आई एक फैमिली 203 या 204 फ्लैट में ठहरे थे। सुबह बारिश हो रही थी, वो नजारा देखने के लिए उठे थे, तभी उन्हें धुआं दिखाई दिया। उन्होंने बिल्डिंग के फ्लैट वालों को सूचित किया और फिर लोग बाहर भागने लगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर