इंदौरः जन्मस्थली स्मारक पर पूर्ण आस्था, श्रद्धा एवं भव्यता के साथ मनाई गई डॉ. अम्बेड़कर की जयंती
इंदौर, 14 अप्रैल (हि.स.)। संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती मंगलवार को मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के डॉ. अंबेडकर नगर (महू) स्थित उनकी जन्मस्थली स्मारक पर पूर्ण आस्था, श्रद्धा एवं भव्यता के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित विशाल समागम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विशेष रूप से शामिल हुए।
समागम में मध्य प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों से लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर बाबा साहब को श्रद्धासुमन अर्पित किए। डॉ. अम्बेड़कर जन्मस्थली स्मारक परिसर में पूरे दिन श्रद्धालुओं का आगमन निरंतर जारी रहा। शासन-प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं के चलते कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
राज्य शासन द्वारा श्रद्धालुओं की मेहमानों की तरह आवभगत की गई। आवास, भोजन, पेयजल तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था के कारण बाहर से आए अनुयायियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। श्रद्धालुओं के लिए स्वर्ग मंदिर परिसर सहित विभिन्न स्थानों पर भोजन की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई, जहां हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। साथ ही धर्मशालाओं, स्कूल भवनों एवं अस्थायी डोम में ठहरने की व्यापक व्यवस्था की गई थी।
कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु पूरे क्षेत्र को सात सेक्टरों में विभाजित कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। विभिन्न स्थानों पर बनाए गए कंट्रोल रूम से व्यवस्थाओं की सतत निगरानी की गई। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए चिकित्सकों की टीमें तैनात रहीं तथा आकस्मिक चिकित्सा केंद्र भी स्थापित किए गए। साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा एवं अग्निशमन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं मुस्तैदी के साथ संचालित की गईं, जिससे यह विशाल आयोजन शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
मुख्यमंत्री ने जन्मस्थली डॉ. आंबेडकर नगर (महू) पहुँचकर अर्पित की श्रद्धांजलि
भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर जिले के डॉ. आंबेडकर नगर स्थित बाबा साहब की जन्मस्थली पर बने भव्य स्मारक पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया तथा उनके योगदान का स्मरण किया। इस दौरान उन्होंने स्मारक परिसर का अवलोकन भी किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्मारक में प्रदर्शित डॉ. अंबेडकर के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आधारित चित्रों को देखा और उनके जीवन संघर्ष, सामाजिक न्याय के लिए किए गए कार्यों तथा संविधान निर्माण में उनकी भूमिका को याद किया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी बाबा साहब को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर की दृष्टि में सामाजिक न्याय पुस्तिका का विमोचन किया। उन्होंने कार्यक्रम में शिक्षाविद् तथा समाजसेवियों को भीम रत्न अवार्ड से सम्मानित भी किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भगवान बुद्ध की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया।
इस मौके पर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट,जिला पंचायत अध्यक्ष रीना सतीश मालवीय, विधायक उषा ठाकुर, आलोक कुमार, भंते धम्मदीप महाथेरो, श्रवण चावड़ा, राजेश वानखेड़े, संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, डीआईजी मनोज सिंह, कलेक्टर शिवम वर्मा, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण यांगचेन भूटिया भी मौजूद थे। कार्यक्रम के अंत में राजेश वानखेड़े ने आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने अंबेडकर जयंती पर अनुयायियों संग किया सहभोज, दिया समरसता का संदेश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भारत रत्न डॉ. बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर जन्मस्थली स्मारक स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से आए अनुयायियों के साथ सहभोज कर सामाजिक समरसता का प्रेरक संदेश दिया। उन्होंने इस अवसर पर देशभर से पधारे श्रद्धालुओं के साथ पंक्तिबद्ध बैठकर भोजन ग्रहण किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब अंबेडकर का जीवन हमें समानता, भाईचारे और सामाजिक न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अंबेडकर जयंती केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि समाज में समरसता और एकता को सुदृढ़ करने का अवसर है। इस प्रकार का सहभोज समाज में भेदभाव मिटाने और आपसी सद्भाव को बढ़ावा देने का सशक्त माध्यम है। हमें बाबा साहब अम्बेड़कर के सामाजिक समरसता के संदेश को जीवन में आत्मसात करना चाहिए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अनुयायी उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर बाबा साहब के विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर