इंदौरः मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान का शुभारंभ, बस से गांव पहुंचे संभागायुक्त, कलेक्टर सहित वरिष्ठ अधिकारी

 




- विधायक उषा ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी हुए शामिल

इंदौर, 07 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में भी शुक्रवार को मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान का ग्राम अंबा चंदन से शुभारंभ हुआ। अभियान के शुभारंभ अवसर पर संभागायुक्त भास्कर लक्षकार, कलेक्टर शिवम वर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु प्रजापति सहित जिला प्रशासन के सभी वरिष्ठ अधिकारी कलेक्टर कार्यालय परिसर से एक साथ बस में सवार होकर ग्राम अंबा चंदन के लिए रवाना हुए।

ग्राम अंबा चंदन में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में विधायक उषा ठाकुर, जनपद पंचायत अध्यक्ष डॉ. सरदार मालवीय सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अन्य जिला स्तर के वरिष्ठ अधिकारीगण मौजूद थे। पूरे जिले में अभियान के अंतर्गत विभिन्न अधिकारियों के दल अलग-अलग गांवों में पहुंचे और वहां शासकीय संस्थाओं, मूलभूत सुविधाओं तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना, ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करना तथा विभिन्न विभागों की सेवाओं को गांव स्तर पर सुलभ बनाना है। इसी उद्देश्य से ग्राम अंबा चंदन में विशाल जनकल्याण शिविर आयोजित किया गया, जहां विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।

मुख्यमंत्री जनविश्वास वाटिका में किया पौधारोपण

अभियान के दौरान ग्राम नेउ गुराड़िया में विकसित मुख्यमंत्री जनविश्वास वाटिका में विधायक उषा ठाकुर, संभागायुक्त भास्कर लक्षकार एवं कलेक्टर शिवम वर्मा ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने ग्रामीणों से अधिकाधिक पौधे लगाने एवं उनकी नियमित देखभाल करने तथा वर्ष जल संग्रहण का आग्रह किया।

स्कूल पहुंचकर बच्चों से की आत्मीय चर्चा

विधायक उषा ठाकुर, संभागायुक्त भास्कर लक्षकार और कलेक्टर शिवम वर्मा ने नेउ गुराड़िया तथा अंबाचंदन स्थित शासकीय विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, उपलब्ध सुविधाओं एवं शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। कलेक्टर ने नेउ गुराडिया में बच्चों को स्वयं पढ़ाया तथा उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर अध्ययन करने और अपने भविष्य को बेहतर बनाने की प्रेरणा दी। इस दौरान विद्यालय में संचालित मध्यान्ह भोजन की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया।

अंबाचंदन में प्राचीन बावड़ी का निरीक्षण

विधायक उषा ठाकुर, संभागायुक्त भास्कर लक्षकार और कलेक्टर शिवम वर्मा ने अंबाचंदन में स्थित करीब 100 वर्ष पुरानी बावड़ी का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से बावड़ी के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बावड़ी की साफ-सफाई की जाये, ताकि इसके जल का उपयोग हो सके।

आंगनबाड़ी केंद्र में पोषण आहार की गुणवत्ता को परखा

कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर वहां बच्चों एवं महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने पोषण आहार की गुणवत्ता का स्वयं परीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण पोषण सेवाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।

उचित मूल्य दुकान का आकस्मिक निरीक्षण

संभागायुक्त भास्कर लक्षकार ने शासकीय उचित मूल्य दुकान का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने राशन वितरण व्यवस्था , रिकॉर्ड संधारण तथा नापतौल की प्रक्रिया का परीक्षण किया और हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा में गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जल संरक्षण के लिए किया श्रमदान

विधायक उषा ठाकुर समेत अधिकारियों ने नेउ गुराड़िया में निर्मित जलघाट का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने श्रमदान कर सफाई अभियान में भाग लिया तथा जल संरक्षण के महत्व का संदेश दिया। निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने नदी के कटाव को रोकने के लिए आवश्यक स्थानों पर पिचिंग कार्य कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।

स्वयं सहायता समूहों की प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र

मुख्य कार्यक्रम स्थल ग्राम अंबा चंदन में स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई। अधिकारियों ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर समूहों की महिलाओं से चर्चा की तथा उनके उत्पादों की सराहना की। उन्होंने महिलाओं को स्वरोजगार एवं आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। महिला उद्यमियों ने अपने अनुभव भी साझा किये। शिविर में ग्रामीणों के स्वास्थ्य का भी परीक्षण किया गया। साथ ही आयुष्मान कार्ड और आभा आईडी भी बनाये गये।

स्थानीय उद्यमियों ने साझा किए सफलता के अनुभव

अभियान के अंतर्गत ग्राम अंबा चंदन में स्थानीय उद्यमियों का सम्मेलन भी आयोजित किया गया। सम्मेलन में विभिन्न उद्यमियों ने शासन की योजनाओं एवं वित्तीय सहायता का लाभ लेकर अपने व्यवसाय का विस्तार करने तथा आय में वृद्धि के अनुभव साझा किए। अधिकारियों ने ग्रामीण युवाओं को स्वरोजगार अपनाने तथा शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेकर उद्यम स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।

शिविर में शिकायतों का मौके पर हुआ निराकरण

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविर में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी तथा राजस्व प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों ने आवेदकों से सीधे चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा अनेक प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया। शेष मामलों के समयबद्ध समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए।

विभिन्न गांवों में पहुंचे अधिकारियों के दल

अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन के अधिकारियों के पृथक-पृथक दल विभिन्न गांवों में पहुंचे। उन्होंने विद्यालय , आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य केंद्र, उचित मूल्य दुकान, पंचायत भवन, पेयजल व्यवस्था सहित अन्य शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों से संवाद कर आवश्यक समस्याओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं को प्रभावी ढंग से पहुंचाने, जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करने, प्रशासन और नागरिकों के बीच विश्वास को मजबूत बनाने तथा विकास कार्यों की जमीनी स्थिति का प्रत्यक्ष मूल्यांकन करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। अभियान के दौरान ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न योजनाओं का लाभ लिया और प्रशासन की इस पहल की सराहना की।

उद्यमियों ने साझा किए सफलता के अनुभव

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को ग्राम अंबाचंदन (तहसील महू) में उद्यमी संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के संचालकों एवं उद्यम क्रांति योजना के हितग्राहियों ने अपने उद्यमों की जानकारी देते हुए उद्योग स्थापना, रोजगार सृजन एवं व्यवसाय विस्तार के अनुभव साझा किए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर