इंदौरः दिशा समिति की बैठक में हुई विकास योजनाओं की विस्तृत समीक्षा
- सांसद लालवानी ने अधिकारियों को दिए योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
इंदौर, 08 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में शनिवार को कलेक्टर सभागृह में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सांसद शंकर लालवानी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिले में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे जागरूकता एवं जनभागीदारी से जुड़े प्रयासों की समीक्षा की गई। युवाओं और विद्यार्थियों को नशे से दूर रखने, नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा विभिन्न विभागों एवं सामाजिक संस्थाओं के समन्वय से अभियान को और प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई।
इसी क्रम में पीएम श्री स्कूल योजना के अंतर्गत चयनित विद्यालयों में शैक्षणिक सुविधाओं, आवश्यक संसाधनों, अधोसंरचना विकास एवं विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली गई। विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं का बेहतर संचालन सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं आधुनिक शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में रोजगार एवं कौशल विकास से संबंधित योजनाओं की भी समीक्षा की गई। युवाओं को उनकी योग्यता एवं रुचि के अनुरूप प्रशिक्षण उपलब्ध कराने, प्रशिक्षण के बाद रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की कौशल विकास योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ युवाओं तक पहुंचाने के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली गई।
इसके साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, पात्र हितग्राहियों का चयन, योजना के लाभ का वितरण तथा जमीनी स्तर पर योजनाओं के प्रभाव की समीक्षा की गई। सांसद ने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य तभी सफल होगा, जब उनका लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंचे।
योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
बैठक में विभागीय अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ विकास कार्यों की प्रगति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सांसद ने अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही कठिनाइयों, लंबित प्रकरणों एवं आवश्यक समन्वय के संबंध में जानकारी लेते हुए समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इंदौर देश के प्रमुख विकसित शहरों में शामिल है और यहां विकास कार्यों के साथ-साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन भी प्राथमिकता है। केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप बेहतर तरीके से लागू करते हुए अधिक से अधिक नागरिकों को इसका लाभ मिलना चाहिए।
विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर प्रयास
सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए देशभर में विकास एवं जनकल्याण के कार्य निरंतर किए जा रहे हैं। इंदौर में भी शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, स्वास्थ्य, अधोसंरचना एवं सामाजिक कल्याण सहित विभिन्न क्षेत्रों में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के माध्यम से इंदौर के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा जिले के समग्र विकास को गति देने के लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। दिशा समिति की बैठक इसी समन्वय के माध्यम से विकास कार्यों की समीक्षा और उनकी गति बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष रीना सतीश मालवीय, इंदौर विकास प्राधिकरण के सीईओ परीक्षित झाड़े, जिला पंचायत सीईओ हिमांशु प्रजापति, नगर निगम के अपर आयुक्त आकाश सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर