इंदौरः अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई, एक घर से अवैध शराब जब्त
इंदौर, 18 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन, भंडारण एवं विक्रय के विरुद्ध आबकारी विभाग द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम द्वारा शुक्रवार को तहसील सांवेर के ग्राम बड़ोदिया खान में कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद कर जब्त की गई।
बताया गया कि आबकारी विभाग की टीम ने ग्राम बड़ोदिया खान में जितेंद्र पुत्र रामेश्वर सोलंकी के घर पर कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान मौके पर आरोपी उपस्थित नहीं था। तलाशी के दौरान घर से बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई, जिसे विधिवत जब्त किया गया।
कार्रवाई में कुल 69 पेटी शराब, जिसकी कुल मात्रा लगभग 651 लीटर है, बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत लगभग 7 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। आबकारी विभाग द्वारा जब्त मदिरा को नियमानुसार कब्जे में लेकर प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
आबकारी विभाग द्वारा जिले में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। विभाग द्वारा अवैध रूप से शराब का भंडारण एवं विक्रय करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि अवैध मदिरा के संबंध में प्राप्त सूचनाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर