इंदौर में तीन दिवसीय संविधान जागरूकता महाअभियान आज से, हरदीप सिंह पुरी होंगे शामिल

 


- लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान और जिम्मेदार नागरिकता का संदेश देंगे शहप के विद्यार्थी

इंदौर, 26 नवंबर (हि.स.)। भारतीय संविधान केवल देश के संचालन का आधार नहीं, बल्कि हमारे लोकतंत्र की आत्मा, नागरिक अधिकारों की गारंटी और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों का मार्गदर्शक भी है। इसी संवैधानिक चेतना को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से सांसद शंकर लालवानी की विशेष पहल एवं नेतृत्व में सांसद सेवा संकल्प के अंतर्गत इंदौर में आज गुरुवार से तीन दिवसीय विशेष संविधान जागरूकता महाअभियान आयोजित किया जा रहा है।

जनसम्पर्क अधिकारी महिपाल अजय ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को भारतीय संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों, लोकतांत्रिक परंपराओं एवं संवैधानिक मूल्यों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। आयोजन को केवल भाषण एवं व्याख्यान तक सीमित न रखते हुए विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए शैक्षणिक, रचनात्मक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की व्यापक रूपरेखा तैयार की गई है। तीनों दिनों में इंदौर के 4500 से अधिक विद्यार्थी प्रत्यक्ष एवं ऑनलाइन माध्यम से इस अभियान से जुड़ेंगे।

संविधान दिवस पर दो प्रमुख व्याख्यान, केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी की रहेगी उपस्थिति

अभियान का शुभारंभ आज संविधान दिवस के अवसर पर रेनेसां लॉ कॉलेज में प्रातः 11 बजे होगा। यहां भारतीय संविधान के महत्व, उसकी मूल भावना एवं वर्तमान समय में उसकी प्रासंगिकता पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर सांसद शंकर लालवानी, मध्य प्रदेश के पूर्व राज्यपाल एवं सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति वीएस कोकजे, प्रख्यात शिक्षाविद् सीए स्वप्निल कोठारी एवं डॉ. दिव्यादित्य कोठारी अपने विचार रखेंगे।

इसी दिन दोपहर 1:30 बजे देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के वाणिज्य अध्ययनशाला स्थित चाणक्य सभागृह, तक्षशिला परिसर में भी संविधान दिवस के उपलक्ष्य में विशेष व्याख्यान आयोजित किया जाएगा। इसमें भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में शामिल होंगे। इस आयोजन में लगभग 2000 विद्यार्थियों तक संविधान जागरूकता का संदेश पहुंचाने का लक्ष्य है। इसके साथ ही पोस्टर मेकिंग, स्लोगन राइटिंग एवं आर्टिकल राइटिंग प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों एवं विजेताओं का सम्मान भी किया जाएगा।

रचनात्मक प्रस्तुतियों से संविधान के मूल्यों का संदेश

जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, 27 नवंबर को सिक्का कॉलेज में प्रातः 11 बजे से संविधान आधारित सांस्कृतिक एवं रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित होंगे। विद्यार्थियों द्वारा नुक्कड़ नाटक, नृत्य प्रस्तुतियों एवं जानकारीपूर्ण गतिविधियों के माध्यम से संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक आदर्शों और नागरिक जिम्मेदारियों को रोचक ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा। इस आयोजन में 1,000 से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता होगी।

बालिकाओं में संवैधानिक चेतना का विशेष आयोजन

तीसरे दिन 28 नवंबर को शासकीय अत्रिदेवी हायर सेकेंडरी स्कूल, सुदामा नगर में प्रातः 11 बजे से विशेष आयोजन होगा। इसमें चित्रकला, रंगोली एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। चित्रकला प्रतियोगिता में लगभग 200 तथा कक्षा 8वीं से 12वीं तक की भाषण प्रतियोगिता में लगभग 150 छात्राएं भाग लेंगी। इसके साथ ही संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन, छात्राओं द्वारा स्वरचित गीतों का गायन, लघुनाटिका एवं संविधान की भावना पर आधारित दो विशाल सामूहिक रंगोलियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इस आयोजन में 1,500 से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता होगी। कार्यक्रम में सांसद शंकर लालवानी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। जिला शिक्षा अधिकारी शौर्य मल्होत्रा भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

शिक्षा विभाग एवं विश्वविद्यालयों का रहेगा सहयोग

तीनों दिवसीय आयोजनों में लोक शिक्षण विभाग, शिक्षा विभाग तथा विभिन्न शासकीय एवं निजी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों, शिक्षाविदों एवं गणमान्य नागरिकों की सहभागिता रहेगी। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान के प्रति जागरूक करने के साथ ही उन्हें रचनात्मक गतिविधियों के जरिए लोकतांत्रिक व्यवस्था को समझने का अवसर मिलेगा।

संविधान के मूल्यों को जीवन में अपनाना ही अभियान का उद्देश्य

सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि हमारा प्रयास है कि विद्यार्थी केवल संविधान के बारे में पढ़ें ही नहीं, बल्कि उसके मूल्यों, आदर्शों और नागरिक कर्तव्यों को अपने जीवन में भी आत्मसात करें। लोकतंत्र की मजबूती जागरूक और जिम्मेदार नागरिकों से होती है। युवा पीढ़ी में संविधान के प्रति सम्मान, राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध और लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ विकसित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इन तीन दिवसीय आयोजनों के माध्यम से इंदौर के हजारों विद्यार्थियों को संविधान की मूल भावना से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि आने वाली पीढ़ी अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी सजग बने और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर