मप्रः इंदौर में कांग्रेस नेता अनवर कादरी फर्जी आर्म्स लाइसेंस मामले में गिरफ्तार
- जम्मू-कश्मीर से फर्जी हथियार लाइसेंस बनवाने का आरोप
इंदौर, 06 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर की सदर बाजार थाना पुलिस ने गुरुवार शाम को कांग्रेस नेता अनवर डकैत उर्फ अनवर कादरी को फर्जी आर्म्स लाइसेंस मामले में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी इस प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ पहले से 27 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
एसीपी अशोक जादौन ने बताया कि पुलिस ने सदर बाजार क्षेत्र से अनवर कादरी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ फरवरी 2025 में सदर बाजार थाना क्षेत्र में अवैध हथियार लेकर मारपीट करने के मामले में उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई थी। जांच के दौरान सामने आया कि जिस बंदूक का वह इस्तेमाल कर रहा था, उसका लाइसेंस फर्जी था और उसे कथित तौर पर जम्मू-कश्मीर से तैयार कराया गया था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इससे पहले बाणगंगा थाना पुलिस ने उसे एक अन्य मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा था, लेकिन उस समय सदर बाजार पुलिस ने इस प्रकरण में उसकी गिरफ्तारी नहीं ली थी। हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद पुलिस ने फर्जी लाइसेंस मामले में उसे गिरफ्तार कर लिया। कादरी के खिलाफ विभिन्न धाराएं जैसे- धारा-323, 506, 392, 324, 25 आर्म्स एक्ट, 302, 307, 452, 341, 427, 64, 64(2)(एम), धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम सहित कई अन्य आपराधिक धाराओं में गंभीर प्रकरण पंजीबद्ध हैं। इन धाराओं के अलावा भी अनवर कादरी पर अनेक धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं।
पार्षद अनवर कादरी पर गंभीर आरोप लगे हैं। मामला जून माह का है, जब एक वीडियो सामने आया था, जिसमें दो युवकों ने हैरान करने वाला खुलासा किया था। उनका कहना था कि कादरी ने उन्हें पैसे दिए थे ताकि वे हिंदू महिलाओं को अपने जाल में फंसाकर धर्म परिवर्तन और वेश्यावृत्ति की ओर धकेलें। लव जिहाद फंडिंग मामले में अनवर कादरी ने पिछले अगस्त में सरेंडर किया था।
इससे पहले 2011 में कांग्रेस अनवर कादरी, उसके भाई और एक अन्य आरोपी को जानलेवा हमले के मामले में अदालत ने एक-एक साल के कारावास की सजा सुनाई थी। यह हमला 6 मई 2009 को इंदौर के आजादनगर चौराहे के पास अनवर हुसैन पर किया गया था। अनवर हुसैन आरोपियों पर चल रहे एक अन्य मामले में गवाह था। पुलिस ने कादरी समेत कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनके पास से पिस्तौल, कट्टा, तलवार और चाकू बरामद किए गए थे।
अनवर कादरी पर 1996 में उज्जैन के महाकाल थाने में डकैती का केस दर्ज किया गया था। इसके बाद उसे अनवर डकैत के नाम से पहचाना जाने लगा। अनवर ने इंदौर में भी मारपीट, घर में घुसकर धमकाने जैसी कई घटनाओं को अंजाम दिया। अनवर कांग्रेस से तीन बार पार्षद रह चुका है। उसकी पत्नी दो बार पार्षद रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर