इंदौरः जनसुनवाई में संवेदनशील पहल, कलेक्टर ने जरूरतमंदों को दिलाई त्वरित राहत
- बीमारी, शिक्षा और सम्मानजनक जीवन से जुड़े मामलों में तत्काल सहायता के दिए निर्देश
इंदौर, 04 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में कलेक्टर शिवम वर्मा ने मंगलवार को जनसुनवाई में जिलेभर से आए नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान बीमारी, शिक्षा, आर्थिक सहायता एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित कराया गया।
जनसुनवाई में एक अत्यंत मार्मिक मामला सामने आया, जिसमें बेसहारा बुजुर्ग दंपति ने अपने जीवन-यापन में आ रही कठिनाइयों से अवगत कराया। कलेक्टर वर्मा ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए, जिसके बाद दोनों को सम्मानजनक जीवन-यापन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वृद्धाश्रम में भर्ती कराया गया।
इसी प्रकार जती कॉलोनी निवासी एक दंपति ने अपने नवजात बच्चे के हृदय में छेद की गंभीर समस्या से अवगत कराया। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को बच्चों के समुचित उपचार एवं आवश्यक ऑपरेशन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके।
जनसुनवाई में एक रिक्शा चालक नागरिक ने अपने पुत्र अमन जायसवाल की उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता का अनुरोध किया। कलेक्टर वर्मा ने लीड बैंक मैनेजर को तत्काल शिक्षा ऋण स्वीकृत करने के निर्देश दिए। उनके निर्देशों के अनुरूप मौके पर ही आवश्यक प्रक्रिया प्रारंभ कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
जनसुनवाई के दौरान प्राप्त अन्य आवेदनों पर भी कलेक्टर शिवम वर्मा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है, जिससे पात्र व्यक्तियों को शासन की योजनाओं और सुविधाओं का समय पर लाभ मिल सके।
जनसुनवाई में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु प्रजापति, अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पवार, रिंकेश वैश्य तथा रोशन राय सहित अन्य अधिकारियों ने भी आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर