इंदौरः संभागायुक्त और कलेक्टर ने किया एलिवेटेड कॉरिडोर का निरीक्षण

 


- सत्य साईं चौराहे पर निर्माणाधीन फ्लाई ओव्हर ब्रिज आगामी दिसम्बर तक पूर्ण करने के दिए निर्देश

इंदौर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार और कलेक्टर शिवम वर्मा ने गुरुवार को नवलखा से एलआईजी चौराहा तक 6 किलोमीटर में बनने वाले एलिवेटेड कॉरिडोर और सत्य साईं चौराहे पर निर्माणाधीन फ्लाईओव्हर ब्रिज का निरीक्षण किया। इस दौरान निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल एवं निर्माण एजेंसी के अधिकारी शामिल थे।

निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त लाक्षाकार और कलेक्टर वर्मा ने एलिवेटेड कॉरिडोर और फ्लाईओव्हर ब्रिज की प्रगति रिपोर्ट देखी और समीक्षा की। बताया गया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार एलआईजी एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण कार्य प्रगतिरत है। इस कॉरिडोर के बन जाने से एक लाख से अधिक वाहनचालकों को इसका फायदा मिलेगा और यातायात सुगम होगा। राजीव गांधी प्रतिमा से वाहन चालक सीधे एलआईजी कॉरिडोर तक आ सकेंगे, साथ ही इतनी लम्बी दूरी को तय करने में समय भी कम लगेगा।

संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार ने बताया गया कि एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण कार्य शिवाजी वाटिका चौराहा पर प्रारंभ हो गया है। दीपावली के बाद नवलखा चौराहा पर भी कार्य शुरू किया जाएगा। वाहनों चालकों को यातायात में बाधा नहीं आए, इसके लिए आवश्यकतानुसार ट्रैफिस डायवर्सन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हमारी कोशिश है कि सत्य साईं चौराहे पर निर्माणाधीन फ्लाई ओव्हर ब्रिज आगामी दिसम्बर तक पूर्ण कर लिया जाएगा। इस फ्लाई ओव्हर ब्रिज का निर्माण एमपीआईडीसी द्वारा किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर