इंदौरः कलेक्टर ने की फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण-2026 की समीक्षा

 


- स्टैंडिंग कमेटी की बैठकमें राजनीतिक दलों को वितरित की गई अंतिम मतदाता सूची

इंदौर, 30 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शिवम वर्मा की अध्यक्षता में गुरुवार को फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण-2026 के संबंध में स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में जिले में नगरीय निकायों एवं पंचायतों की अंतिम प्रकाशित फोटोयुक्त मतदाता सूची, पुनरीक्षण कार्य तथा दावे-आपत्तियों के निराकरण की समीक्षा की गई। इस अवसर पर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची का वितरण भी किया गया।

बैठक में सहायक उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत श्रीवास्तव तथा मास्टर ट्रेनर आरके पाण्डे भी मौजूद थे। बैठक में बताया गया कि 27 जुलाई 2026 को अंतिम फोटोयुक्त मतदाता सूची का प्रकाशन किया जा चुका है। अंतिम सूची के अनुसार जिले के नगरीय निकायों में कुल 17 लाख 91 हजार 658 मतदाता हैं, जिनमें 9 लाख 979 पुरुष, 8 लाख 90 हजार 586 महिला तथा 93 अन्य मतदाता शामिल हैं।

वहीं जनपद पंचायत क्षेत्रों में कुल 7 लाख 16 हजार 523 मतदाता हैं, जिनमें 3 लाख 62 हजार 4 पुरुष, 3 लाख 54 हजार 507 महिला तथा 12 अन्य मतदाता शामिल हैं। इस प्रकार जिले में नगरीय निकाय एवं पंचायत क्षेत्रों को मिलाकर कुल 25 लाख 8 हजार 181 मतदाता हैं, जिनमें 12 लाख 62 हजार 983 पुरुष, 12 लाख 45 हजार 93 महिला तथा 105 अन्य मतदाता सम्मिलित हैं।

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि नगरीय निकायवार मतदाताओं की संख्या में नगर पालिक निगम इन्दौर में कुल 16 लाख 61 हजार 801, महूगांव में 31 हजार 535, मानपुर में 5 हजार 893, राऊ में 30 हजार 783, सांवेर में 12 हजार 758, देपालपुर में 15 हजार 220, गौतमपुरा में 11 हजार 140, बेटमा में 13 हजार 335 तथा हातोद में 9 हजार 193 मतदाता दर्ज हैं। वहीं जनपद पंचायतवार इन्दौर में एक लाख 84 हजार 598, डॉ. अंबेडकर नगर (महू) में 2 लाख 5 हजार 731, सांवेर में एक लाख 68 हजार 968 तथा देपालपुर में एक लाख 57 हजार 226 मतदाता हैं। अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची का अवलोकन संबंधित वार्डों, ग्राम पंचायतों एवं अन्य निर्धारित स्थानों पर किया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर