इंदौरः जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं, मौके पर किया निराकरण
इंदौर, 08 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर शिवम वर्मा ने आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और अनेक प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया।
जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन प्रकरणों का निराकरण मौके पर संभव नहीं है, उनका प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। जनसुनवाई में प्लॉट एवं संपत्ति संबंधी मामले, पारिवारिक विवाद, चिकित्सा सहायता, रोजगार सहित विभिन्न विषयों से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। अधिकारियों ने आवेदकों से प्रत्यक्ष संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर वर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए संवेदनशीलता और सहानुभूति के साथ निराकरण किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनसुनवाई में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु प्रजापति, अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पवार, रिंकेश वैश्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने भी आवेदकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित प्रकरणों में आवश्यक कार्रवाई की।
भोपाल में भी जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ ने सुनी आवेदकों की समस्याएं
इधर, राजधानी भोपाल में भी कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशन में जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी ने मंगलवार को जिले से जनसुनवाई में आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान अनेक समस्याओं का निराकरण मौके पर ही किया गया। जनसुनवाई में आए नागरिकों से 121आवेदन प्राप्त हुए। इस मौके पर एसडीएम एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
सीईओ इला तिवारी ने जनसुनवाई में आए हर एक आवेदक से धैर्यपूर्वक उनकी समस्याओं पर चर्चा की और उन्हें उनके शीघ्र निराकरण का आश्वासन भी दिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को नागरिकों से प्राप्त आवेदनों पर संवेदनशील रूख अपनाते हुए निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने आवेदकों की समस्याओं पर संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों को कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर