(अपडेट) इंदौरः रन फार हेल्दी लाइफ मैराथन में नागरिकों ने दिया नशामुक्त समाज के निर्माण का सशक्त संदेश
इंदौर , 26 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में युवाओं एवं समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाकर स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट द्वारा संचालित नशे से दूरी है ज़रूरी अभियान के अंतर्गत रविवार को नेहरू स्टेडियम से रन फार हेल्दी लाइफ जागरूकता मैराथन का भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन किया गया। इस जन-जागरूकता अभियान में 8100 से अधिक नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का सशक्त संदेश दिया।
मैराथन में पुलिस आयुक्त, इंदौर संतोष कुमार सिंह की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम में भारतीय क्रिकेटर रजत पाटीदार ने दौड़ लगाकर युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने एवं नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। मैराथन का आयोजन दो श्रेणियों में किया गया। पहली श्रेणी 5 किलोमीटर (नेहरू स्टेडियम–होल्कर कॉलेज–नेहरू स्टेडियम) तथा दूसरी श्रेणी 10 किलोमीटर (नेहरू स्टेडियम–राजीव गांधी प्रतिमा–नेहरू स्टेडियम) की रही।
इस ऐतिहासिक आयोजन में शहर के युवा, महिलाएं, बच्चे, वरिष्ठ नागरिक, विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थी, खेल अकादमियों के खिलाड़ी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, नगर सुरक्षा समिति के सदस्य, पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय के प्रशिक्षु आरक्षक तथा पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। आयोजन ने सामाजिक सहभागिता एवं जन-जागरूकता का उदाहरण प्रस्तुत किया। मैराथन प्रारंभ होने से पूर्व पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने भारतीय क्रिकेटर रजत पाटीदार एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में सभी प्रतिभागियों को नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प दिलाया।
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि परिवार की खुशियों, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य को भी प्रभावित करता है। उन्होंने नागरिकों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। भारतीय क्रिकेटर श्री रजत पाटीदार ने विशेष रूप से युवाओं से खेल, अनुशासन, सकारात्मक सोच एवं स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि जीवन में सफलता का मार्ग नशे से नहीं, बल्कि परिश्रम, समर्पण एवं आत्मविश्वास से होकर गुजरता है।
मैराथन प्रारंभ होने से पूर्व प्रतिभागियों ने ऊर्जावान जुम्बा वॉर्म-अप सत्र में भाग लिया , जिससे पूरे आयोजन का वातावरण ऊर्जा, उत्साह एवं सकारात्मकता से भर गया। निर्धारित मार्गों से गुजरते हुए प्रतिभागियों ने नशे से दूरी है ज़रूरी,Say No to Drugs,स्वस्थ जीवन–नशामुक्त जीवन तथा नारी का संकल्प—नशामुक्त हो हर परिवार जैसे प्रेरक नारों के माध्यम से नागरिकों को जागरूक किया।
कार्यक्रम में एडिशनल पुलिस कमिश्नर (अपराध/मुख्यालय) आर.के. सिंह, एडिशनल पुलिस कमिश्नर (कानून एवं व्यवस्था) मयंक अवस्थी, डीसीपी ज़ोन-01 नरेंद्र सिंह रावत, डीसीपी ज़ोन-02 अमन सिंह राठौर, डीसीपी ज़ोन-03 अभिषेक रंजन, डीसीपी क्राइम राजेश कुमार त्रिपाठी, एडिशनल डीसीपी ओमप्रकाश, अमरेन्द्र सिंह, राजेश दंडोतिया, विभिन्न सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी), थाना प्रभारी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे तथा उन्होंने स्वयं सहभागिता कर नशामुक्त समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। मैराथन के समापन पर प्रतिभागियों को पुलिस अधिकारियों द्वारा प्रशस्ति प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर