इंदौरः मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर में नागरिकों की समस्याओं का किया गया निराकरण

 


- अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने शैक्षणिक संस्थाओं का किया निरीक्षण, विद्यार्थियों से संवाद कर जानी उनकी आकांक्षाएं

इंदौर, 13 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में संचालित मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत शुक्रवार को इंदौर के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-एक में जिंसी हाट बाजार स्थित जोन कार्यालय परिसर में मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। साथ ही नागरिकों की समस्याओं, लंबित आवेदनों एवं शिकायतों के निराकरण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई की।

शिविर में कलेक्टर शिवम वर्मा, नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु प्रजापति, अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पवार एवं रिंकेश वैश्य सहित पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय, सुदर्शन गुप्ता, महापौर परिषद के सदस्य निरंजन सिंह चौहान, पार्षदगण एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

शैक्षणिक संस्थाओं का निरीक्षण

शिविर के दौरान अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से शारदा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं सुभाष नगर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर विद्यालय में उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही विद्यार्थियों से उनके भविष्य के लक्ष्यों, रुचियों एवं कैरियर संबंधी आकांक्षाओं के बारे में चर्चा की। शारदा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के निरीक्षण के दौरान महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव भी उपस्थित थे। उन्होंने भी विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई एवं भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। सुभाष नगर उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय के निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों की मांग पर विद्यालय में पर्याप्त साफ-सफाई, सुरक्षा और पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये गये।

उद्यमी संवाद में औद्योगिक निवेश के बेहतर वातावरण पर चर्चा

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत उद्यमी संवाद का आयोजन भी किया गया। इसमें स्थानीय उद्यमियों कल्पेश मेहता, प्रयाग दवे, राजेन्द्र मित्तल, प्रतीक मांडलिक ने अपने अनुभव साझा किए तथा प्रदेश में औद्योगिक विकास एवं निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की। उद्यमियों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में औद्योगिक हितैषी योजनाओं एवं नीतियों के चलते निवेश के लिए बेहतर वातावरण निर्मित हुआ है। प्रदेश में औद्योगिक निवेश तेजी से बढ़ रहा है और उद्यमी भी नई-नई औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उद्यमियों ने कहा कि प्रदेश में उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों से नए अवसर सृजित हो रहे हैं तथा औद्योगिक गतिविधियों को निरंतर गति मिल रही है।

शिविर में विभिन्न शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों के अंतर्गत हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य शासकीय सेवाओं को अधिक सुलभ, सरल एवं नागरिक केंद्रित बनाना, आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर निराकरण करना तथा शिक्षा, रोजगार और उद्यमिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना है। इंदौर जिले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मंशा के अनुसार मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर आयोजन का सिलसिला लगातार जारी है। प्रत्येक शुक्रवार को शिविर आयोजित किये जा रहे है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर