इंदौरः जेबीएम ग्रुप के आउटलेट समेत तीन ठिकानों पर सेंट्रल जीएसटी की सर्चिंग

 


इंदौर, 16 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में पुराने और प्रतिष्ठित मिठाई-नमकीन कारोबारी जेबीएम ग्रुप के इंदौर स्थित तीन ठिकानों पर बुधवार को सेंट्रल जीएसटी विभाग की टीम ने एक साथ कार्रवाई शुरू की।

विभाग को अनियमितताओं और बिना बिल ड्रायफ्रूट्स की खरीद-बिक्री से जुड़ी जानकारी मिली थी। इसके बाद अधिकारियों की अलग-अलग टीमों ने समूह के तीन आउटलेट्स पर पहुंचकर दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान दुकानों के शटर बंद रखे गए। अधिकारियों द्वारा स्टॉक, बिक्री रिकॉर्ड, बिल और कंप्यूटर में दर्ज कारोबारी डेटा का मिलान किया जा रहा है।

टीम ने कलेक्टोरेट के समीप, स्कीम नंबर 104 और रेसकोर्स रोड स्थित प्रतिष्ठानों पर एक साथ पहुंची और जांच शुरू की। मिली जानकारी के मुताबिक सेंट्रल जीएसटी की जांच में ड्रायफ्रूट्स की बिना बिल खरीद-बिक्री को प्रमुखता से देखा जा रहा है।

बताया जा रहा है कि विभाग को ऐसी जानकारी मिली थी कि मिठाई कारोबार में ड्रायफ्रूट्स की बढ़ती खपत के बीच बिना जीएसटी बिल के खरीदारी की जा रही है। इसी आधार पर अधिकारियों ने स्टॉक और लेखा-जोखा की जांच शुरू की है।

फिलहाल विभाग की कार्रवाई जारी है। अधिकारियों द्वारा दस्तावेजों, स्टॉक और रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। टैक्स चोरी या किसी अन्य अनियमितता की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने और विभाग की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर