इंदौरः बंद मकान से करीब 5.50 लाख रुपये कीमत की 792 लीटर अवैध मदिरा बरामद

 


इंदौर, 10 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशानुसार अवैध मदिरा के विक्रय, परिवहन एवं संग्रहण के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर आबकारी विभाग की टीम द्वारा ग्राम बसंदरा वृत्त सांवेर में एक मकान की तलाशी ली। कार्रवाई के दौरान मौके से कुल 792 बल्क लीटर अवैध मदिरा बरामद की गई।

सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी ने बताया कि बरामद मदिरा की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 5.50 लाख रुपये है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बरामद मदिरा मध्यप्रदेश में बिक्री के लिए रखी गई थी। उक्त कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी धर्मेंद्र जोशी, पवन टीकेकर एवं निधि शर्मा के नेतृत्व में आबकारी उपनिरीक्षक जया मुजाल्दे एवं जयेश वास्केल तथा आबकारी अमले द्वारा की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर