मप्र के छिंदवाड़ा पहुंचे भारत के उप महारजिस्ट्रार डॉ. कुमार, जिला जनगणना हस्तपुस्तिका के कार्यों का लिया जायजा
छिन्दवाडा, 22 अगस्त (हि.स.)। भारत के उप महारजिस्ट्रार एवं अतिरिक्त मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी, जनगणना कार्य निदेशालय मध्य प्रदेश डॉ. विजय कुमार ने शनिवार को छिंदवाड़ा जिले का दौरा कर जिला जनगणना हस्तपुस्तिका के अंतर्गत ग्राम एवं नगर निर्देशिका के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उनके साथ जिला जनगणना प्रभारी अनुज सोलंकी भी उपस्थित थे।
छिंदवाड़ा प्रवास के दौरान डॉ. विजय कुमार ने जिले के सभी चार्ज अधिकारियों के साथ बैठक कर जनगणना संबंधी कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने ग्राम एवं नगर निर्देशिका के निर्माण कार्य में दर्ज आंकड़ों की गुणवत्ता, शुद्धता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दिए गए निर्देशों के विभिन्न बिंदुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनगणना-2027 के डाटा की प्रविष्टियों की नियमित जांच की जाए तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर समय रहते सुधारात्मक कार्रवाई की जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में तहसीलदारों को प्रत्येक ग्राम के डाटा की गहन जांच कराने तथा कम से कम 5 प्रतिशत ग्रामों के डाटा का रैंडम परीक्षण करने के निर्देश दिए गए।
नगरीय क्षेत्रों में संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रविष्टि को अच्छी तरह जांचने के बाद ही अप्रूव करने के निर्देश दिए गए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि डाटा अप्रूव होने के बाद उसमें संशोधन की प्रक्रिया अत्यंत जटिल होती है, इसलिए प्रविष्टियों को अप्रूव करने से पूर्व विशेष सावधानी बरती जाए।
बैठक में एडीएम धीरेंद्र सिंह, जिला जनगणना अधिकारी पुष्पेंद्र निगम, नगर निगम आयुक्त सीपी राय एवं डिप्टी कमिश्नर कमलेश निर्गुड़कर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
अतिरिक्त मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी डॉ. कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना टीम के कार्यों की प्रतिदिन समीक्षा एवं निगरानी की जाए तथा आवश्यकता के अनुसार संबंधित मैदानी अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए जाएं। उन्होंने कहा कि कार्य में पूर्ण सटीकता के साथ 100 प्रतिशत डेटा एंट्री सुनिश्चित की जाए, ताकि जनगणना संबंधी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर