मप्र में गरिमामय ढंग से मनाया जाएगा स्वतंत्रता दिवस, मुख्यमंत्री राज्य स्तरीय समारोह में करेंगे ध्वजारोहण
- लाल परेड मैदान में होगा राज्य स्तरीय समारोह, पुलिस बैंड सहित 22 टुकड़ियां प्रस्तुत करेंगी आकर्षक परेड
भोपाल, 14 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश में शनिवार, 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उत्साह और गरिमामय ढंग से मनाया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण करेंगे। वे समारोह में संयुक्त परेड की सलामी लेंगे।
राज्य शासन द्वारा शुक्रवार को जारी कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ध्वजारोहण के बाद परेड का निरीक्षण करेंगे और प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन करेंगे। समारोह में पुलिस बैंड सहित कुल 22 टुकड़ियां अनुशासित एवं आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत करेंगी। परेड का नेतृत्व भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी एवं एसडीओपी सिहोरा, जबलपुर आदित्य सिंघारिया करेंगे। सहायक परेड कमांडर की भूमिका नगर पुलिस अधीक्षक सिंगरौली हेमंत कुमार निभाएंगे।
परेड में महाराष्ट्र पुलिस बल, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, सशस्त्र सीमा बल, सीमा सुरक्षा बल, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, हॉक फोर्स, एसटीएफ, महिला पुलिस बल, विशेष सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल, जेल विभाग, शासकीय रेल पुलिस, नगर सेना, एनसीसी, गाइड, स्काउट्स, शौर्य दल, पुलिस बैंड तथा अश्वरोही दल की टुकड़ियां शामिल होंगी।
समारोह में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय सेवाओं के लिए चयनित अधिकारियों और कर्मचारियों को पदकों से अलंकृत किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव परेड कमांडर एवं प्लाटून कमांडरों को पुरस्कार भी प्रदान करेंगे। राज्यस्तरीय समारोह को सुव्यवस्थित और गरिमामय बनाने के लिए सुरक्षा, यातायात, पार्किंग तथा नागरिकों के आवागमन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर