अमर शहीदों ने मातृभूमि के प्रति समर्पण को सर्वोपरि रखा: मंत्री संपतिया उइके
- मंडलाः किला परिसर में मनाया गया अमर शहीद राजा शंकर शाह एवं कुंवर रघुनाथ शाह का बलिदान दिवस
मंडला, 18 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंडला जिले में अमर शहीद राजा शंकर शाह एवं कुंवर रघुनाथ शाह के बलिदान दिवस के अवसर पर शुक्रवार को किला परिसर में श्रद्धा और सम्मान के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर पीएचई मंत्री संपतिया उइके ने अपने उद्बोधन की शुरुआत शहीदों की स्मृति में प्रसिद्ध पंक्तियों “शहीदों की चिताओं पर लगेंगे हर बरस मेले, वतन पर मरने वालों का यही बाकी निशां होगा” से की। उन्होंने कहा कि वीर शहीदों ने अंग्रेजों की नीतियों के आगे झुकने के बजाय मातृभूमि के प्रति अपनी वफादारी को सर्वोपरि रखा। उनका साहस, राष्ट्रभक्ति और देश के लिए सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
कार्यक्रम में सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि मंडला का गौरवशाली इतिहास ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से केवल औपचारिकता के रूप में नहीं, बल्कि संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ समझने का विषय है। वीर शहीद राजा शंकर शाह एवं कुंवर रघुनाथ शाह ने देश और मातृभूमि के प्रति अपनी निष्ठा का परिचय देते हुए अदम्य साहस का प्रदर्शन किया। उनके बलिदान और राष्ट्रभक्ति से नई पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए।
जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम ने कहा कि मातृभूमि के प्रति वफादारी और राष्ट्र के लिए दिए गए बलिदान की यह हृदयविदारक घटना इतिहास की साक्षी है। नई पीढ़ी को अमर शहीदों के जीवन और संघर्ष से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित एवं समाजहित के कार्यों के लिए आगे आना चाहिए।
नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा ने कहा कि वीर शहीदों ने दुश्मनों के आगे घुटने नहीं टेके और अपने साहस एवं वीरता का परिचय दिया। उनका जीवन देश और समाज के लिए प्रेरणा का स्त्रोत है।
कार्यक्रम के आरंभ में शहीद राजा शंकर शाह एवं कुंवर रघुनाथ शाह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। उपस्थित वक्ताओं ने भी वीर शहीदों के योगदान को स्मरण किया। कार्यक्रम का संचालन अखिलेश उपाध्यक्ष ने किया तथा आभार प्रदर्शन सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग अरूण शुक्ला द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में सरपंच श्रद्धा उईके कवरेती, समाजिक कार्यकर्ता जयदत्त झा, पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी, सीईओ जिला पंचायत शाश्वत सिंह मीना, एडीएम हुनेन्द्र घोरमारे, एसडीएम शैलेन्द्र चौधरी एवं बड़ी संख्या में नागरिक, छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। उपस्थितजनों ने वीर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया तथा शहीदों की स्मृति में सलामी दी। इस दौरान ‘वीर शहीद अमर रहें’ के नारों से परिसर गूंज उठा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर