मप्र में अवैध शराब के मामलों को लेकर जीतू पटवारी ने सरकार को घेरा, सागर-देवास की घटनाओं पर उठाए सवाल

 


भोपाल, 02 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में अवैध शराब के कारोबार और इससे जुड़ी घटनाओं को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने खातेगांव में अवैध शराब की तस्करी रोकने के दौरान थाना प्रभारी दिलीप पुरी की मौत के मामले को गंभीर बताते हुए प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर चिंता जताई। उन्होंने सागर और देवास में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं पुलिस और आबकारी विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं।

जीतू पटवारी ने साेमवार काे मीडिया काे जारी अपने बयान में कहा कि खातेगांव में थाना प्रभारी दिलीप पुरी अपनी टीम के साथ नेमावर रोड हाईवे पर अवैध शराब की तस्करी रोकने पहुंचे थे। इसी दौरान तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रक के चालक ने कथित तौर पर उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि यह घटना अवैध शराब के कारोबार से जुड़े अपराधों की गंभीरता को दर्शाती है। सरकार को इस मामले में शामिल लोगों और उनके नेटवर्क के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।

सागर और देवास की घटनाओं का भी किया उल्लेख

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सितंबर 2026 में सागर जिले के नौराजा, घूघरा खुर्द और आसपास के गांवों में जहरीली शराब के सेवन से हुई मौतों का जिक्र किया। उन्होंने अक्टूबर 2026 में देवास जिले के चंदाना-बिंजाना और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध जहरीली शराब से मौतों के मामलों को भी उठाया। पटवारी ने कहा कि इन घटनाओं की जांच में कथित तौर पर नकली शराब तैयार करने, रसायनों की खरीद और लाइसेंसी शराब दुकानों से जुड़े लोगों की भूमिका की पड़ताल की गई है। ऐसे मामलों में आबकारी विभाग की निगरानी व्यवस्था और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री से पांच सवाल पूछे

जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सवाल किया कि प्रदेश में अवैध शराब का कारोबार कैसे संचालित हो रहा है और इसे रोकने के लिए क्या प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं? खातेगांव में थाना प्रभारी की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों और तस्करी नेटवर्क पर कार्रवाई कब होगी? सागर और देवास में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामलों में जिम्मेदार लोगों के साथ संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही कब तय की जाएगी? पुलिस और आबकारी विभाग की निगरानी के बावजूद अवैध शराब की आपूर्ति कैसे जारी रही? क्या सरकार प्रदेश में सक्रिय अवैध शराब कारोबार के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करेगी?

कांग्रेस ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग

प्रदेश कांग्रेस ने खातेगांव, सागर और देवास की घटनाओं की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क और उसे संरक्षण देने वालों की पहचान कर कार्रवाई की जानी चाहिए। कांग्रेस ने दिवंगत थाना प्रभारी दिलीप पुरी के परिवार को उचित आर्थिक सहायता और सम्मान देने की मांग भी की है। पटवारी ने कहा कि प्रदेश सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे