मप्रः भोपाल में अवैध कॉलोनी से अवैध निर्णाण हटाया, 27 करोड़ की जमीन मुक्त कराई गई
भोपाल, 26 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में शुक्रवार को कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशन में अनुविभागीय अधिकारी विनोद सोनकिया, तहसीलदार अतुल शर्मा, नायब तहसीलदार शुभम जैन व राकेश पिप्पल एवं राजस्व निरीक्षक एवं वृत्त के पटवारियों द्वारा एफटीएल से 33 मीटर के दायरे में हो रहे अवैध कॉलोनी में अनाधिकृत निर्माण को हटाया गया, जिसका बाजार में अनुमानित मूल्य कुल 27 करोड़ है।
शुक्रवा को ग्राम मेंडोरी तहसील हुजूर जिला भोपाल स्थित खसरा नंबर 322 रकबा 1.100 हे. एवं खसरा नंबर 323 रकबा 0.490 हे इस प्रकार कुल रकबा 1.590 हेक्टेयर भूमि जो कि मुनतियाज अली आत्मज इशतीयाक अली के नाम पर भूमि स्वामी स्वत्त्व पर दर्ज है, जिस पर राजीव द्विवेदी द्वारा अवैध कॉलोनी का निर्माण किया जा रहा था। जिसका बाजार में अनुमानित मूल्य 12 करोड़ आंका गया है।
इसी प्रकार ग्राम बेरखेड़ी बज्याफत स्थित खसरा नम्बर 296 रकबा 1.570 हे.जो कि शाहवाज खान पुत्र एम ए खान के नाम भूमि स्वामी स्वत्त्व पर दर्ज है, जिसपर राजीव द्विवेदी द्वारा अवैध कॉलोनी का निर्माण किया जा रहा था जिसे राजस्व दल द्वारा कार्रवाई कर तोड़ा गया। जिसकी अनुमानित बाजार मूल्य 15 करोड़ रुपये है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर