मप्र मानवाधिकार आयोग अध्यक्ष पहुंचे मां बगलामुखी के दरबार में

 


आगरमालवा, 17 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह सोमवार को अपने दो दिवसीय प्रवास पर आगरमालवा सर्किट हाऊस पहुंचे। यहां से वे जिले के नलखेड़ा स्थित विश्व प्रसिद्ध पीताम्बरा सर्व सिद्ध पीठ माँ बगलामुखी मंदिर पहुंचे। जहां कलेक्टर डॉ. शेरसिंह मीना एवं पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने पुष्पगुच्छ से डाॅ.सिंह का स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने प्रदेश एवं जिले की सुख समृद्धि की कामना लेकर मंदिर में मां बगलामुखी देवी के दर्शन व पूजन किया। इस दौरान पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से हवन संपन्न कराया।

इस अवसर पर जिले की सुसनेर एसडीएम श्रीमती देवकुंवर सोलंकी एसडीओपी देवनारायण यादव सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी उपस्थित थे। अधिकारियों ने मंदिर की सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा