मप्र से हरदीप सिंह पुरी की राज्यसभा उम्मीदवारी के विरोध में एनएसयूआई का प्रदर्शन, पुतला फूंका

 


भोपाल, 28 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश से केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाए जाने के विरोध में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने बुधवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, शिवाजी नगर के पास प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए पुरी का पुतला दहन किया और उनकी उम्मीदवारी वापस लेने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने एपस्टीन मामले से जुड़े कथित संबंधों को लेकर सवाल उठाए। साथ ही, बच्चों के खिलाफ यौन अपराधों के मुद्दे पर प्रदेश सरकार की जवाबदेही तय करने की मांग की।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे एनएसयूआई मध्यप्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष आदित्य सोनी ने कहा कि प्रदेश में बच्चों की सुरक्षा एक गंभीर मुद्दा है। उन्होंने राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के आंकड़ों का हवाला देते हुए बच्चों के खिलाफ यौन अपराधों की स्थिति पर चिंता जताई और कहा कि सरकार को इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने चाहिए। सोनी ने हरदीप सिंह पुरी की उम्मीदवारी पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि बच्चों की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों के बीच सरकार को उम्मीदवारों के चयन में भी सार्वजनिक जवाबदेही का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने एपस्टीन मामले से जुड़े कथित संबंधों को लेकर स्पष्टीकरण की मांग की।

बच्चों की सुरक्षा को लेकर सरकार पर निशाना

एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष रेहान अहमद ने प्रदर्शन के दौरान सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बच्चों के खिलाफ अपराधों की रोकथाम और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। संगठन ने आरोप लगाया कि इन मुद्दों पर अपेक्षित ध्यान देने के बजाय राजनीतिक फैसलों को प्राथमिकता दी जा रही है।

जिला महासचिव आजाद वर्मा ने मांग की कि सरकार बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाए और हरदीप सिंह पुरी की उम्मीदवारी पर पुनर्विचार करे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। प्रदर्शन में एनएसयूआई के महासचिव तारिक खान, पीयूष पवार, वंश कनोजिया, इसानी द्विवेदी, आयुष राठौड़, विनायक प्यासी, अभिषेक जगोरिया, श्रीकांत जावा, शिवांश तोमर और अंश भारद्वाज सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं छात्र कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे